बहेड़ी में ट्रक की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौत, मौके पर मची अफरा-तफरी

Picture of newsvoxindia

newsvoxindia

FOLLOW US:

SHARE:

बरेली। बहेड़ी थाना क्षेत्र में रविवार देर शाम हुए भीषण सड़क हादसे ने लोगों को झकझोर दिया। परोही फाटक के पास तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। भीड़ बढ़ती देख ट्रक चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। देर शाम तक दोनों मृतकों की पहचान नहीं हो सकी थी।

बताया गया कि बाइक संख्या यूपी 25 बीयू 2973 पर दो युवक बहेड़ी से किच्छा की ओर जा रहे थे। जैसे ही वे परोही फाटक के पास पहुंचे, सामने से आ रहे ट्रक संख्या यूपी 26 टी 0623 ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। स्थानीय लोगों के मुताबिक ट्रक गलत दिशा से आ रहा था। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और दोनों युवक सड़क पर जा गिरे।

सोर्स।सोशल मीडिया

दुर्घटना की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। लोगों ने दोनों युवकों को बचाने का प्रयास किया, लेकिन उनकी मौत हो चुकी थी। सूचना मिलते ही बहेड़ी पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और भीड़ को हटाकर यातायात व्यवस्था को सामान्य कराया।

पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी की। इसके बाद शव पोस्टमार्टम के लिए बरेली भेज दिए गए। पुलिस ने हादसे में क्षतिग्रस्त बाइक और ट्रक को भी कब्जे में ले लिया है।

उधर, घटना के बाद ट्रक चालक मौके से भाग निकला। पुलिस अब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही अन्य माध्यमों से चालक की पहचान करने में जुटी है। पुलिस दोनों मृतकों की पहचान कराने का भी प्रयास कर रही है, ताकि उनके परिजनों तक सूचना पहुंचाई जा सके।

इंस्पेक्टर दिनेश कुमार शर्मा ने बताया कि परोही फाटक के पास ट्रक और बाइक की भिड़ंत में दो युवकों की मौत हुई है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। ट्रक पुलिस के कब्जे में है। फरार चालक की तलाश की जा रही है और मृतकों की पहचान कराने के प्रयास जारी हैं।

newsvoxindia
Author: newsvoxindia

Leave a Comment