बारिश बनी आफत, कच्चे मकान की खपरैल ढही,महिला की मौत, युवक गंभीर

Picture of newsvoxindia

newsvoxindia

FOLLOW US:

SHARE:

बरेली।

मीरगंज क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश के बीच रविवार सुबह कच्चे मकान की खपरैल ढहने से बड़ा हादसा हो गया। गांव गोरा लोकनाथपुर में अचानक खपरैल का हिस्सा गिरने से एक महिला मलबे में दब गई, जबकि एक युवक भी इसकी चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर दोनों को बाहर निकाला, लेकिन महिला की जान नहीं बच सकी।

 

 

हादसा सुबह करीब 6:30 बजे हुआ। बताया जा रहा है कि परिवार के लोग उस समय जाग चुके थे। घर के कुछ सदस्य अंदर थे, जबकि अन्य लोग बाहर मौजूद थे। इसी दौरान मकान की खपरैल अचानक नीचे आ गिरी। फूला देवी और उनके जेठ का बेटा सोमपाल मलबे के नीचे फंस गए।

घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए। ग्रामीणों ने अपने स्तर पर राहत-बचाव शुरू किया और काफी मशक्कत के बाद मलबा हटाकर दोनों को बाहर निकाला। फूला देवी की मौके पर ही मौत हो चुकी थी, जबकि सोमपाल गंभीर रूप से घायल मिला।

घायल युवक को तत्काल 108 एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मीरगंज पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए उसे जिला अस्पताल बरेली रेफर कर दिया।

हादसे की सूचना पर पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जानकारी ली। पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।

लगातार बारिश के बीच कच्चे मकान की खपरैल गिरने से हुए हादसे ने ग्रामीण क्षेत्रों में कमजोर और जर्जर मकानों में रहने वाले परिवारों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

newsvoxindia
Author: newsvoxindia

Leave a Comment