प्रस्तावित कर्बला निर्माण पर अल्मोड़ा में विरोध, राष्ट्रीय सेवा संघ ने प्रशासन से जांच की मांग

Picture of newsvoxindia

newsvoxindia

FOLLOW US:

SHARE:

अल्मोड़ा। अल्मोड़ा में प्रस्तावित कर्बला निर्माण को लेकर राष्ट्रीय सेवा संघ ने आपत्ति जताते हुए प्रशासन से भूमि और निर्माण से जुड़े दस्तावेजों की जांच कराने की मांग की है। संगठन के पदाधिकारियों और क्षेत्रवासियों ने सर्किट हाउस में बैठक कर मामले पर चर्चा की और इसके बाद जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा।

बैठक राष्ट्रीय सेवा संघ के संरक्षक स्वामी दर्शन भारती के नेतृत्व में हुई। संगठन की ओर से कहा गया कि प्रस्तावित निर्माण से संबंधित भूमि की स्थिति, स्वामित्व और अन्य अभिलेखों की प्रशासनिक स्तर पर जांच होनी चाहिए। ज्ञापन में यह भी मांग की गई कि जांच के दौरान यदि किसी प्रकार का निर्माण या भूमि पर कब्जा नियमों के विपरीत पाया जाता है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाए।

स्वामी दर्शन भारती ने आरोप लगाया कि क्षेत्र के कुछ स्थानों पर नियमों के विपरीत कब्जे किए जाने की शिकायतें सामने आ रही हैं। उन्होंने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और तथ्यों के आधार पर कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने कहा कि संगठन प्रशासनिक कार्रवाई का इंतजार करेगा और जरूरत पड़ने पर लोकतांत्रिक एवं कानूनी तरीके से आंदोलन किया जाएगा।

बैठक के दौरान उत्तराखंड में कथित ‘लैंड जिहाद’ और ‘लव जिहाद’ से जुड़े मामलों का मुद्दा भी उठाया गया। संगठन ने प्रशासन से ऐसे मामलों की भी निष्पक्ष जांच कराने और जांच में तथ्य सामने आने पर कानून के अनुसार कार्रवाई करने की मांग की।

राष्ट्रीय सेवा संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि भूमि और निर्माण से जुड़े अभिलेखों की जांच के बाद स्थिति स्पष्ट होनी चाहिए, जिससे किसी भी तरह के विवाद की वास्तविक स्थिति सामने आ सके।

इस दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष हिमांशु जोशी, आशुतोष पाठक, विनोद शुक्ला, विजय गिरी महाराज, राहुल गिरी महाराज, उत्तर प्रदेश के प्रदेश महामंत्री सोनू ठाकुर, प्रदेश उपाध्यक्ष सुभाष लोधी, अंकित भारती, वंश राजपूत समेत संगठन के अन्य पदाधिकारी और क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

newsvoxindia
Author: newsvoxindia

Leave a Comment