बरेली। बरेली के बहेड़ी में शिक्षा के मंदिर को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। एक निजी इंग्लिश मीडियम स्कूल में कंप्यूटर की पढ़ाई के दौरान शिक्षक पर कई छात्राओं के साथ अशोभनीय व्यवहार करने और उन्हें गलत तरीके से छूने का आरोप लगा है। छात्राओं ने घर पहुंचकर जब परिजनों को अपनी आपबीती सुनाई तो परिवारों में आक्रोश फैल गया।

नाराज अभिभावकों ने स्कूल पहुंचकर प्रबंधन के सामने विरोध जताया और आरोपी शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। मामला पुलिस तक पहुंचने के बाद आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया गया।
जानकारी के अनुसार, बहेड़ी के एक निजी इंग्लिश मीडियम स्कूल में कंप्यूटर की कक्षा के दौरान शिक्षक पर छात्राओं के साथ अनुचित व्यवहार करने के आरोप लगे हैं। छुट्टी होने के बाद छात्राओं ने घर जाकर परिजनों को पूरी घटना बताई। इसके बाद कई परिवारों के लोग स्कूल पहुंच गए। अभिभावकों ने प्रधानाचार्य के सामने नाराजगी जाहिर करते हुए मामले में सख्त कार्रवाई की मांग उठाई।
विवाद बढ़ता देख स्कूल प्रबंधन ने आरोपी कंप्यूटर शिक्षक को तत्काल प्रभाव से नौकरी से हटा दिया। इसके बाद चार-पांच अभिभावक बहेड़ी थाने पहुंचे और पुलिस को लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने जांच शुरू की और संबंधित कक्षा में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली।
पुलिस ने आरोपी शिक्षक आयुष शर्मा को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया। अभिभावकों की शिकायत के आधार पर उसके खिलाफ छेड़छाड़ और पॉक्सो एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। एफआईआर में आरोपी के खिलाफ पूर्व में दूसरे स्कूल में भी इसी तरह की शिकायत मिलने का उल्लेख किया गया है।
एसपी ग्रामीण नॉर्थ संतोष कुमार के मुताबिक, 12 नवंबर को बहेड़ी पुलिस को एक स्कूल शिक्षक द्वारा बच्चों के साथ छेड़छाड़ किए जाने की सूचना मिली थी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की जांच जारी है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



