बरेली। पंचायत चुनाव से पहले बरेली में मतदाता सूची को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। जिले की दो तहसीलों से मतदाताओं के नाम काटे जाने की शिकायतें सामने आने के बाद चुनावी प्रक्रिया पर सवाल उठने लगे हैं। आंवला तहसील के गांव कतरोई ठाकुरान और उसके मजरा रुखारा में करीब 250 ग्रामीणों के नाम पंचायत चुनाव की मतदाता सूची से गायब होने का आरोप लगाया गया है। इससे पहले मीरगंज तहसील के शीशगढ़ में भी 26 मतदाताओं के नाम कटने का मामला सामने आया था।
लोकसभा की सूची में नाम, पंचायत चुनाव की सूची से गायब
आंवला तहसील के कतरोई ठाकुरान और रुखारा का मामला अब जिलाधिकारी तक पहुंच गया है। गांव निवासी विनोद कुमार ने डीएम अविनाश सिंह को शिकायती पत्र देकर आरोप लगाया है कि बीआरसी आंवला में तैनात कर्मचारी राजकुमार और संबंधित बीएलओ ने करीब 250 ग्रामीणों के नाम गलत तरीके से मतदाता सूची से हटा दिए। ग्रामीणों का कहना है कि उनके नाम लोकसभा चुनाव की मतदाता सूची में दर्ज हैं, लेकिन पंचायत चुनाव की सूची में नहीं हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि साजिश के तहत उनके मतदान का अधिकार प्रभावित करने की कोशिश की गई है।
जांच के बाद भी कार्रवाई नहीं होने का आरोप
शिकायतकर्ता के मुताबिक, मामले की शिकायत मिलने पर नायब तहसीलदार और तहसीलदार आंवला ने जांच की थी। जांच में संबंधित कर्मचारी और बीएलओ की अनियमितता सामने आने तथा दोषी पाए जाने का दावा किया गया है। इसके बावजूद तीन महीने बीतने के बाद भी जिम्मेदारों पर कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों ने दोषियों के खिलाफ विभागीय और कानूनी कार्रवाई करने के साथ ही पात्र मतदाताओं के नाम दोबारा सूची में शामिल कराने की मांग की है।
शीशगढ़ में भी सामने आया था 26 वोट कटने का मामला
बरेली में मतदाता सूची से नाम गायब होने की यह पहली शिकायत नहीं है। इससे पहले मीरगंज तहसील के शीशगढ़ में 26 मतदाताओं के नाम काटे जाने का मामला सामने आया था। अब आंवला में 250 ग्रामीणों के नाम गायब होने की शिकायत ने इस मुद्दे को फिर चर्चा में ला दिया है।जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने बताया कि आंवला के मामले में जांच जारी है।



