बरेली। उत्तर प्रदेश की राजनीति में तीसरे मोर्चे की संभावनाओं को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। इसी बीच बरेली के मौलाना शहाबुद्दीन रिजवी बरेलवी ने असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद के साथ आने का समर्थन किया है। उन्होंने इसे प्रदेश के मुस्लिम और दलित समाज के लिए नया राजनीतिक विकल्प बताते हुए समाजवादी पार्टी के सामने मजबूत चुनौती खड़ी होने की बात कही है।
मौलाना शहाबुद्दीन रिजवी का कहना है कि उत्तर प्रदेश के मुसलमान लंबे समय से ऐसी राजनीतिक ताकत की तलाश कर रहे थे, जो उन्हें अलग पहचान और राजनीतिक हिस्सेदारी दिला सके। अब एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी और आजाद समाज पार्टी के नेता चंद्रशेखर आजाद के साथ आने से तीसरे मोर्चे की संभावना मजबूत हुई है।
उन्होंने कहा कि इस गठबंधन में मुस्लिम और दलित समाज के दो प्रमुख नेता एक मंच पर आ रहे हैं। दोनों समुदायों की आबादी और राजनीतिक भागीदारी को देखते हुए उन्हें सत्ता में भी उचित प्रतिनिधित्व मिलना चाहिए। मौलाना ने इस संभावित गठबंधन को समाजवादी पार्टी से बेहतर विकल्प बताते हुए कहा कि इससे प्रदेश की राजनीति में नए समीकरण बन सकते हैं।
मौलाना शहाबुद्दीन रिजवी ने मुख्यमंत्री पद को लेकर भी एक सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि यदि इस गठबंधन की सरकार बनती है तो ढाई साल मुस्लिम समाज और ढाई साल दलित समाज से मुख्यमंत्री बनाया जाना चाहिए। उनके मुताबिक, इससे दोनों समुदायों को सत्ता में बराबर की भागीदारी मिल सकेगी।
मौलाना के इस बयान के बाद उत्तर प्रदेश की राजनीति में तीसरे मोर्चे और मुस्लिम-दलित गठबंधन को लेकर नई चर्चा शुरू हो गई है। हालांकि, इस संभावित राजनीतिक समीकरण का आगामी चुनावों पर क्या असर पड़ेगा, यह आने वाला समय बताएगा।



