
बरेली। जिलाधिकरी नितीश कुमार ने बुद्धवार को आंवला की इफको फैक्ट्री में करीब पांच करोड़ रुपए से अधिक की लागत से लगाए जा रहे ऑक्सीजन प्लांट का निरीक्षण किया | इस मौके पर डीएम नितीश कुमार ने कहा कि ऑक्सीजन प्लांट को जल्दी से जल्दी शुरु करने के प्रयास किए जाएं। डीएम नितीश कुमार को फैक्ट्री प्रबंधन द्वारा बताया गया कि 31 मई से पहले ही यह प्लांट ऑक्सीजन का उत्पादन करना शुरु कर देगा।

जिलाधिकारी ने कहा कि इस प्लांट के शुरु हो जाने के बाद ऑक्सीजन की उपलब्धता में और बढ़ोत्तरी हो जाएगी।जिलाधिकारी आज आंवला स्थित इफको फैक्ट्री गए और वहां पर लगाए जा रहे ऑक्सीजन प्लांट के कार्य को देखा। उन्होंने कहा कि यह एक बेहद महत्वपूर्ण पहल है। इस प्लांट में 130 घन मीटर प्रति घंटा के हिसाब से मेडिकल ऑक्सीजन का उत्पादन किया जाएगा, यानी प्रतिदिन औसतन 4 मीट्रिक टन मेडिकल ऑक्सीजन यहां तैयार होगी। इस प्लांट पर ऑक्सीजन की सप्लाई शुरु होने के बाद डी टाइप के 450 सिलेंडर प्रतिदिन रिफिल किए जा सकेंगे।

इफको आंवला के कार्यकारी निदेशक श्री ईश्वर चंद झा ने बताया कि यहां उत्पादित होने वाली ऑक्सीजन जिला प्रशासन के समन्वय से आस पास के अस्पतालों को नि:शुल्क मुहैया कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी से निपटने में जिला प्रशासन को सहयोग करने के उददेश्य से यह प्लांट लगाया गया है।




