मुमताज अली
बरेली। बहेड़ी की केसर चीनी मिल पर गन्ना किसानों का लंबे समय से फंसा करीब 162 करोड़ रुपये का भुगतान अब मिलने की उम्मीद जगी है। भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के आंदोलन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हस्तक्षेप के बाद मिल प्रबंधन ने शुक्रवार रात तक किसानों के खातों में 11.5 करोड़ रुपये भेजने का आश्वासन दिया है। साथ ही अगले 15 दिनों के भीतर पूरा बकाया चुकाने और बंद पड़ी चीनी मिल को दोबारा चालू करने का भरोसा भी दिलाया है।
शुक्रवार को भाकियू टिकैत के पश्चिमी उत्तर प्रदेश प्रदेश उपाध्यक्ष चौधरी जगत सिंह ने मिल अधिकारियों के साथ वार्ता की। इस दौरान मिल मैनेजर ने 11.5 करोड़ रुपये का भुगतान शुक्रवार रात तक किसानों के बैंक खातों में भेजने की बात कही। इसके बाद बहेड़ी की पंजाबी कॉलोनी स्थित संगठन के प्रदेश कार्यालय पर किसान नेताओं ने प्रेसवार्ता कर आंदोलन से जुड़ी जानकारी साझा की।
किसान नेताओं ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार जताते हुए कहा कि उन्होंने किसानों की समस्या पर गंभीरता दिखाते हुए जिलाधिकारी को भुगतान के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए। इसके बाद प्रशासन ने सक्रियता दिखाई और मिल प्रबंधन पर बकाया भुगतान को लेकर दबाव बनाया।



