बरेली।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए भीम आर्मी के वरिष्ठ नेता विकास बाबू ने कहा कि देशभर के छात्र लंबे समय से प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और पेपर लीक के विरोध में अपनी आवाज उठा रहे हैं। उनका कहना था कि जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर बल प्रयोग किया जाना लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
मंडल अध्यक्ष सुशील बाबू ने कहा कि सरकार को प्रतियोगी परीक्षाओं की व्यवस्था पूरी तरह पारदर्शी, निष्पक्ष और भरोसेमंद बनानी चाहिए। उन्होंने पेपर लीक के मामलों में शामिल लोगों पर कठोर कार्रवाई, प्रभावित अभ्यर्थियों को न्याय तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी व्यवस्था लागू करने की मांग की। उनका कहना था कि युवाओं के भविष्य से किसी भी तरह का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ता हाथों में पोस्टर और बैनर लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे। इसके बाद भीम आर्मी के प्रतिनिधिमंडल ने सिटी मजिस्ट्रेट के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में जंतर-मंतर की घटना की उच्चस्तरीय जांच, दोषियों पर कार्रवाई और प्रतियोगी परीक्षाओं की पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की गई। पुलिस की निगरानी में पूरा कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।



