बरेली। किसी ने अपने हाथों से खूबसूरत दीये बनाए तो किसी ने रंग-बिरंगी झालरों और आकर्षक सजावटी सामान से दीपावली की खुशियां बिखेरीं। हुनर, मेहनत और आत्मनिर्भरता का ऐसा ही नजारा गुरुवार को बरेली के राजकीय संकेत विद्यालय में आयोजित दीपावली मेले में देखने को मिला।
यहां दिव्यांगजनों ने अपनी प्रतिभा के दम पर न सिर्फ आकर्षक उत्पाद तैयार किए, बल्कि यह भी साबित किया कि अवसर और प्रोत्साहन मिले तो वे किसी से कम नहीं हैं। मेले में 50 दिव्यांगजनों को ट्राईसाइकिल और कंबल वितरित कर उन्हें राहत और स्वावलंबन की सौगात भी दी गई।

दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग, बरेली मंडल की ओर से राज्य निधि मद के अंतर्गत आयोजित मेले का शुभारंभ मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद श्रुति गंगवार ने किया। उन्होंने विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण कर दिव्यांगजनों द्वारा तैयार किए गए उत्पादों को देखा और उनके हुनर की सराहना की।
मेले में दीये, रंग-बिरंगी झालरें, दोने-पत्तल और घरों को सजाने के लिए तैयार की गई विभिन्न सामग्रियों की प्रदर्शनी लगाई गई। दिव्यांगजनों के हाथों से तैयार इन उत्पादों ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया।

विभागीय संस्थानों और स्वयंसेवी संगठनों की ओर से 20 से अधिक स्टॉल लगाए गए, जिनमें राजकीय संकेत विद्यालय, मानसिक मंदित आश्रय गृह सह प्रशिक्षण केंद्र (पुरुष एवं महिला), बचपन डे केयर सेंटर और जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र सहित कई संस्थाओं ने भागीदारी की।



