बरेली। रामगंगा रेलवे पुल पर रविवार तड़के एक हादसे में करीब 15 वर्षीय अज्ञात किशोरी की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि शव दो हिस्सों में बंट गया। एक हिस्सा रेलवे ट्रैक पर मिला, जबकि दूसरा रामगंगा नदी में जा गिरा। घटना की सूचना मिलने पर जीआरपी मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार, सुबह करीब पांच बजे ट्रेन के गुजरने के दौरान यह घटना हुई। इसके कुछ समय बाद रामगंगा स्टेशन पहुंची दूसरी ट्रेन के लोको पायलट ने ट्रैक पर शव पड़े होने की सूचना स्टेशन मास्टर को दी। सूचना मिलते ही जीआरपी को मौके पर भेजा गया।
जीआरपी ने ट्रैक पर मिले शव के हिस्से को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में मृतका की उम्र लगभग 15 वर्ष आंकी गई है। उसके पास से कोई पहचान संबंधी दस्तावेज, मोबाइल फोन या अन्य सामान बरामद नहीं हुआ, जिससे उसकी पहचान नहीं हो सकी।
पुलिस का कहना है कि हादसे के दौरान शव का दूसरा हिस्सा रामगंगा नदी में गिर गया, जिसके संबंध में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। मृतका की पहचान कराने के लिए आसपास के थानों और पड़ोसी जनपदों को सूचना भेजी गई है।
जीआरपी इंस्पेक्टर सुशील वर्मा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। किशोरी की शिनाख्त के प्रयास जारी हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर ही घटना के कारणों की स्पष्ट जानकारी सामने आएगी।
फिलहाल जीआरपी पूरे मामले की जांच कर रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।



