बरेली। भोजीपुरा में शुक्रवार शाम हुए सड़क हादसे में एक परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं। नैनीताल हाईवे पर अभयपुर गांव के पास तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार परिवार को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक चला रहे 30 वर्षीय श्याम सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी लक्ष्मी गंभीर रूप से घायल हो गईं। बाइक पर सवार आठ वर्षीय बेटा आदित्य इस भीषण हादसे में पूरी तरह सुरक्षित रहा। उसे एक खरोंच तक नहीं आई।
पीलीभीत जिले के अमरिया थाना क्षेत्र के बहोनी गांव निवासी श्याम सिंह शुक्रवार को अपनी 25 वर्षीय पत्नी लक्ष्मी और आठ वर्षीय बेटे आदित्य के साथ बाइक से फरीदपुर में रिश्तेदारी में जा रहे थे। शाम करीब पांच बजे उनकी बाइक अभयपुर गांव के पास नैनीताल हाईवे पर पहुंची। इसी दौरान तेज रफ्तार डंपर ने बाइक को अपनी चपेट में ले लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि श्याम सिंह डंपर की चपेट में आ गए। गंभीर चोट लगने के कारण उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। वहीं लक्ष्मी भी हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर भोजीपुरा पुलिस मौके पर पहुंची और घायल लक्ष्मी को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा। पुलिस ने श्याम सिंह के शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। पुलिस ने मोबाइल फोन के माध्यम से मृतक के परिजनों को हादसे की जानकारी दी।
हादसे के बाद डंपर चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने डंपर को कब्जे में ले लिया है। सीओ हाईवे देवेश सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने पर आरोपी चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।




