
शाहजहांपुर| पुलिस ने एकबार फिर अवैध शस्त्र फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। मौके से अवैध हथियारों के सौदागर हिस्ट्रीशीटर कालिया को गिरफ्तार कर भारी मात्रा में अवैध असलाह एवं असलाह बनाने के उपकरण बरामद किये है। फिलहाल पुलिस ने गिरफ्तार किए गए अभियुक्त को गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया है।दरअसल पंचायत चुनावों को लेकर शाहजहाँपुर पुलिस भी एक्शन मोड में है पुलिस अधीक्षक एस आनन्द के निर्देश पर पूरे जनपद में अभियान चलाया जा रहा है इसी कड़ी में थाना खुटार प्रभारी जयशंकर सिंह को मुखबिर ने सूचना दी कि कस्बे के एक घर में अवैध हथियार बनाए जा रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर छापेमारी की और मौके से अवैध हथियारों की फैक्ट्री संचालित करने वाले हिस्ट्रीशीटर रामऔतार उर्फ कालिया को गिरफ्तार करते हुए भारी तादात में बने अधबने अवैध असलाह एवं असलाह बनाने के उपकरण बरामद किए हैं।गिरफ्तार किए गए अवैध हथियारों के सौदागर हिस्ट्रीशीटर से पूछताछ के दौरान कई राज निकल कर सामने आए हैं। हिस्ट्रीशीटर कालिया मूलतः थाना हैदराबाद जनपद लखीमपुर खीरी का रहने वाला है, शुरुआत में कालिया लकड़ी चोरी व लूट राहजनी आदि की घटनाओं को अंजाम देता था उसकी क्षेत्र में इतनी दहशत थी कि कोई व्यक्ति इसके विरुद्ध गवाही देने को तैयार नहीं होता था | जंगल की कीमती लकड़ी चोरी करते समय हैदराबाद पुलिस द्वारा पहली बार वर्ष 1992 में अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया था। छूटने के बाद हिस्ट्रीशीटर द्वारा हत्या व डकैती जैसी गंभीर घटनाओं को अंजाम दिया गया। हैदराबाद पुलिस की नजर में आने के बाद अभियुक्त ने अपना ठिकाना बदल दिया और लगभग 40 वर्ष पूर्व खुटार के मोहल्ला देवस्थान में मकान लेकर रहने लगा। जहां एक बार फिर हिस्ट्रीशीटर ने डकैती के दौरान 3 लोगों को मौत के घाट उतार दिया था | हत्या व डकैती के मुकदमे में बीते 4 वर्ष पूर्व हाईकोर्ट से पैरोल पर जेल से छूटकर बाहर आया था। जेल से छूटने के बाद हिस्ट्रीशीटर ने कस्बे में ही एक गन हाउस की दुकान पर दिखावे के लिए नौकरी कर ली और अपने घर पर बढई गीरी का काम शुरू कर दिया। अपनी नौकरी व धंधे को ढाल बनाकर हिस्ट्रीशीटर ने घर में ही गैस चूल्हे पर हीटर के एलिमेंट लगाकर गैस भट्टी तैयार की और अवैध हथियारों को बनाने का काम शुरू कर दिया। शस्त्र फैक्ट्री में निर्मित तमंचे 2000 से 5000 हजार में आसानी से लखीमपुर खीरी पीलीभीत बरेली आदि के ग्राहकों को बेचकर मोटा मुनाफा कमाने लगा | कालिया जनपद में हथियार इसलिए नहीं सप्लाई करता था कि कहीं किसी की नजर में ना आ जाए।लेकिन खुटार पुलिस द्वारा हिस्ट्रीशीटर को गिरफ्तार कर मौके से दो अदद तमंचा 315 बोर एक बंदूक 12 बोर एक तमंचा 315 बोर एक देसी रिवाल्वर अर्ध निर्मित एक तमंचा 12 बोर दो अदद तमंचा 315 बोर शस्त्र बनाने के उपकरणों में एक लोहे की सुराख करने वाली ड्रिल मशीन 11 रेती लोहे की 9 सुम्मी 2 प्लास एक कौआ रिंच 3 पेचकस छोटे व बड़े लोहा काटने वाली दो आरी हथौड़ी लोहे का बर्मा रेगमाल आदि पुलिस ने बरामद किए हैं। फिलहाल पुलिस ने गिरफ्तार किए गए अवैध हथियारों के सौदागर को गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया है।




