जेल की सलाखें भी नहीं रोक सकीं भाई-बहन का प्यार, बरेली जिला जेल में सैकड़ों बहनों ने भाइयों को लगाया तिलक

Picture of newsvoxindia

newsvoxindia

FOLLOW US:

SHARE:

बरेली। भाई-बहन के अटूट प्रेम का प्रतीक भैया दूज का त्योहार बरेली जिला जेल में भी उत्साह और भावुक माहौल के बीच मनाया गया। इस मौके पर सैकड़ों बहनें जेल में बंद अपने भाइयों को तिलक लगाने पहुंचीं। बहनों ने भाइयों के माथे पर तिलक लगाकर उनकी लंबी उम्र की कामना की और मिठाई खिलाकर त्योहार की खुशियां साझा कीं। इस दौरान कई भाई-बहन एक-दूसरे से मिलकर भावुक हो गए।

जिला जेल में सुबह से ही बहनों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। कोई अपने भाई के लिए मिठाई लेकर पहुंची तो कोई तिलक और पूजा की थाली सजाकर आई। जेल परिसर में मुलाकात के दौरान भाई-बहनों के बीच प्यार और अपनापन देखने को मिला। जेल की ऊंची दीवारें और सलाखें भी इस रिश्ते की मिठास को कम नहीं कर सकीं। बहनों ने अपने भाइयों के जल्द घर लौटने की दुआ भी मांगी।

भारी भीड़ को देखते हुए किए गए सुरक्षा के इंतजाम
भैया दूज पर बड़ी संख्या में बहनों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए जेल प्रशासन ने पहले से ही तैयारियां कर ली थीं। मुलाकात के दौरान व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। महिला पुलिसकर्मियों, इंस्पेक्टर और कांस्टेबल के साथ जेल का सुरक्षा स्टाफ भी मौजूद रहा। जेल में प्रवेश से पहले सामान की जांच की गई, ताकि मुलाकात के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनी रहे।

 

महिला बंदियों को भी भाइयों से मिलने की मिली अनुमति
जेल अधीक्षक आलोक कुमार शुक्ला ने बताया कि भैया दूज को लेकर बंदियों में काफी उत्साह है। रुहेलखंड क्षेत्र में यह त्योहार बड़े उत्साह के साथ मनाया जाता है। जेल प्रशासन ने भी त्योहार को देखते हुए मुलाकात की बेहतर व्यवस्था की है। भीड़ की संभावना को देखते हुए पुलिस अधीक्षक से अतिरिक्त पुलिस बल की मांग की गई थी।

उन्होंने बताया कि जेल में बंद महिला कैदियों को भी अपने भाइयों से मिलने की अनुमति दी गई है। वहीं, बहनों के जेल पहुंचने तक उनके भाइयों से मुलाकात कराने की व्यवस्था जारी रहेगी।
बरेली जिला जेल में भैया दूज का यह आयोजन एक बार फिर संदेश दे गया कि परिस्थितियां चाहे जैसी हों, भाई-बहन के रिश्ते में प्यार और विश्वास की डोर कभी कमजोर नहीं पड़ती।

newsvoxindia
Author: newsvoxindia

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ी गई न्यूज