

बरेली, 13 सितंबर। मंडलायुक्त आर. रमेश कुमार ने कहा कि जनप्रतिनिधियों की शिकायतें शीर्ष प्रार्थमिकता के साथ निर्धारित समय में निस्तारित की जाएं। सम्बन्धित अधिकारी आम जन के बीच जाकर जनप्रतिनिधियों की शिकायतों का निस्तारण करें। मंडलायुक्त ने आज शाहजहांपुर के पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में जनप्रतिनिधियों से वार्ता के दौरान यह बात कही। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों की अपेक्षानुसार निर्माण कार्य निर्धारित समय में पूर्ण किए जाएं। उन्होंने कहा कि लोकार्पण एवं शिलान्यास के कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित किया जाए, जो कार्य पूर्ण नहीं हुए है उन्हें जनप्रतिनिधियों को अवगत कराएं जाए। उन्होंने कहा कि पंचायत भवन निर्माण के लम्बित प्रकरण को टीम गठित कर त्वरित निस्तारित किया जाए। उन्होंने कहा कि ग्राम सचिव एवं लेखपाल ग्राम पंचायत स्तर की समस्याएं त्वरित निस्तारित करें। उन्होंने कहा कि अगर लेखपाल द्वारा कहा जाता है कि ग्राम पंचायत भवन के लिए ग्राम सभा में जमीन उपलब्ध नहीं है तो सम्बन्धित लेखपाल का उत्तरदायित्व निर्धारित करते हुए उसके विरुद्ध कार्यवाही की जाए।
उन्होंने कहा कि जिस ग्राम सभा में पंचायत भवन के निर्माण हेतु उपयोगी जमीन नहीं मिल पा रही है और दान की जमीन उपलब्ध हो रही है तो उसमें जनप्रतिनिधियों की सहमति अवश्य ली जाएं। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत स्तर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की सूचना जनप्रतिनिधियों को दी जाए। उन्होंने कहा कि लाभार्थियों का नाम आवास सूची में है और ग्राम पंचायत अधिकारी द्वारा प्रधानमंत्री/ मुख्यमंत्री आवास योजना के लाभार्थी को कोई समस्या है तो सम्बन्धित ग्राम पंचायत अधिकारी के विरूद्ध त्वरित कार्यवाही की जाए। उन्होंने कहा है कि किसान सम्मान निधि से वंचित किसानों को लाभ दिया जाए।उन्होंने कहा जनपद में बिजली का संकट नहीं उत्पन्न होना चाहिए। जहां कही बिजली की समस्या हो रही है वहां इसका त्वरित समाधान किया जाए। जनप्रतिनिधियों द्वारा मंडलायुक्त से अनुरोध किया गया कि ग्राम पंचायत स्तर पर चौपाल लगाकर ग्राम वासियों की समस्याओं का निस्तारण किया जाए।मण्डलायुक्त आर. रमेश ने आज अपने शाहजहांपुर भ्रमण के दौरान मघई टोला स्थित कान्हा गोशाला का भी औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान कान्हा गोशाला में गोवंशियों को माला पहनाकर गुण व चारा खिला कर उन्होंने गोवंशियों की सेवा की। इसके साथ ही मण्डलायुक्त ने कान्हा गोशाला में साफ-सफाई व्यवस्था देखी जो संतोषजनक मिली।
उन्होने कहा कि गोशाला में नियमित रूप से साफ-सफाई की जाए। गोशाला को साफ एवं स्वच्छ रखा जाए। गोशाला में 270 गोवंश पाए मिले। भूसा गोदाम में एक वर्ष तक लिए सुरक्षित भूसा स्टोरेज एवं पर्याप्त हरा चारा तथा चूनी, भूसी मिलने पर अधिकारियों की सराहना की। इससे पूर्व मण्डलायुक्त ने तहसील सदर का भी औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने उपस्थित पंजिका का अवलोकन किया, जिसमें सभी कर्मचारी उपस्थित मिले। इसी कड़ी में उन्होंने आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त होने वाली शिकायतों का फीडबैक लिया तथा इसके साथ ही साथ अवेदकों से दूरभाष पर वार्ता करके उनकी संतुष्टि भी ली। उन्होंने धान खरीद प्रक्रिया विवरण का सत्यापन किया तथा आय, जाति, निवास प्रमाण पत्र के लम्बित प्रकरणों पर समीक्षा कर सम्बन्धित को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने मतदाता पंजीकरण एवं मतदान केन्द्रो के सम्मभाजन पर गहनता से समीक्षा की। रजिस्ट्रार, कानूनगो एवं तहसीलदार न्यायालय में जाकर लम्बित पत्रावलियों पर गहनता से समीक्षा की तथा आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने वरासत पोर्टल का फीडबैक लिया और निर्देश दिए कि लम्बित प्रकरण को 15 दिवस के अन्दर निस्तारित किये जाएं।
इस अवसर पर माननीय विधायक तिलहर श्री रोशन लाल वर्मा, विधायक पुवायां श्री चेतराम, विधायक-कटरा वीर विक्रम सिंह, मुख्य विकास अधिकारी श्री श्याम बहादुर सिंह, नगर आयुक्त श्री संतोष शर्मा, अपर जिलाधिकारी प्रशासन श्री राम सेवक द्विवेदी, नगर मजिस्ट्रेट श्री राजेश कुमार, उप ज़िलाधिकारी सदर श्री दशरथ, अपर नगर आयुक्त श्री एस के सिंह आदि उपस्थित रहे।




