
लखनऊ | बहुजन समाज पार्टी, समाजवादी पार्टी के बाद अब भारतीय जनता पार्टी द्वारा ब्राह्मणों को रिझाने के लिए सम्मेलन आयोजित किए जाने पर कांग्रेस ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। कांग्रेस ने शनिवार को कहा कि इन पार्टियों को अगर ब्राह्मणों से इतना ही लगाव है तो वे उत्तर प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनाव में किसी ब्राह्मण को मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार बनाएं।
उत्तर प्रदेश कांग्रेस के मीडिया संयोजक ललन कुमार ने एक बयान में कहा कि ब्राह्मणों को रिझाने के लिए भाजपा जगह-जगह प्रबुद्ध सम्मेलन कर रही है। वहीं, इससे पहले बसपा ने भी जगह-जगह ब्राह्मण सम्मेलन का आयोजन शुरू किया है। ललन कुमार ने चुनौती देते हुए कहा, “अगर भाजपा, बसपा के साथ सपा को भी ब्राह्मणों से इतना ही प्यार है तो वह उत्तर प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनाव में किसी ब्राह्मण को मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार के तौर पर क्यों नहीं पेश करतीं।”




