बरेली में मॉर्निंग वॉक पर निकले बुजुर्ग की संदिग्ध मौत, सड़क किनारे मिला शव; परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

Picture of newsvoxindia

newsvoxindia

FOLLOW US:

SHARE:

बरेली। भोजीपुरा थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले एक बुजुर्ग का शव सड़क किनारे मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए आरोप लगाया है कि बुजुर्ग के शरीर पर चाकू के निशान हैं। पुलिस मामले की गहनता से जांच में जुट गई है।

जानकारी के अनुसार, भोजीपुरा थाना क्षेत्र के धौरा टांडा कस्बे के निवासी सियाराम श्रीवास्तव (65) शुक्रवार सुबह रोज की तरह मॉर्निंग वॉक के लिए घर से निकले थे। कुछ समय बाद प्रसुनगला से बिबियापुर रोड पर राहगीरों ने उन्हें सड़क किनारे मृत अवस्था में पड़ा देखा। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव की पहचान कर परिजनों को सूचना दी।

घटना की जानकारी मिलते ही परिवार के लोग भी मौके पर पहुंच गए। मृतक के बेटे अर्जुन ने आरोप लगाया कि उनके पिता की चाकू मारकर हत्या की गई है। उनका कहना है कि शव पर चाकू के कई निशान दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने दोषियों की जल्द गिरफ्तारी और निष्पक्ष जांच की मांग की है।
मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए और शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

सीओ हाईवे देवेश सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। परिजनों से तहरीर मिलने के बाद सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगी। साथ ही पुलिस की टीमें घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही हैं, ताकि घटना में शामिल लोगों तक पहुंचा जा सके।

 

newsvoxindia
Author: newsvoxindia

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ी गई न्यूज