उत्तराखंड में बेचने जा रहा था चोरी का ट्रैक्टर, शातिर चोर रंगे हाथ गिरफ्तार

Picture of newsvoxindia

newsvoxindia

FOLLOW US:

SHARE:

 

शीशगढ़ क्षेत्र की पुलिस को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। सोमवार देर रात एक शातिर ट्रैक्टर चोर को चोरी के वाहन सहित रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया। आरोपी राम रतन पश्चिमी उत्तर प्रदेश से ट्रैक्टर चोरी कर उत्तराखंड में उन्हें ऊंचे दामों पर बेचने का काम करता था।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि परशुरामपुर मार्ग पर एक व्यक्ति चोरी का ट्रैक्टर लेकर उत्तराखंड के किच्छा, उधमसिंह नगर की ओर जा रहा है। सूचना के आधार पर शीशगढ़ पुलिस ने नहर की पुलिया के पास बैरिकेडिंग कर संदिग्ध वाहन को रोकने की कोशिश की। ट्रैक्टर चालक राम रतन पुलिस को देखकर भागने लगा, लेकिन करीब 40 कदम की दूरी पर उसे दबोच लिया गया।

पूछताछ में राम रतन ने अपना गुनाह कबूल करते हुए बताया कि वह अपने मौसा के साथ मिलकर ट्रैक्टर चोरी करता है और फर्जी नंबर प्लेट लगाकर उन्हें उत्तराखंड में बेचता है। उसने यह भी बताया कि किच्छा में उसका मौसा ग्राहक के इंतज़ार में था, जहां यह ट्रैक्टर बेचा जाना था।

पुलिस द्वारा ट्रैक्टर के रजिस्ट्रेशन नंबर की जांच की गई तो वह इश्तियाक निवासी नवाबगंज के नाम दर्ज मिला। हालांकि, चेचिस और इंजन नंबर मेल नहीं खा रहे थे। इश्तियाक ने पुलिस को बताया कि उसका ट्रैक्टर सुरक्षित है, जिससे यह स्पष्ट हुआ कि आरोपी ने पहचान छुपाने के लिए फर्जी नंबर प्लेट का इस्तेमाल किया था।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

newsvoxindia
Author: newsvoxindia

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ी गई न्यूज