पर्स लुटेरा उफैजा सहित नागराज पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, उफैजा घायल होकर अस्पताल में भर्ती

Picture of newsvoxindia

newsvoxindia

FOLLOW US:

SHARE:

बरेली। बारादरी थाना क्षेत्र में महिला से पर्स छीनने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी उफैजा के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं उसका साथी शकील उर्फ शानी उर्फ नागराज भी पुलिस के हत्थे चढ़ गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो अवैध तमंचे, कारतूस, लूटा गया पर्स और वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल बरामद की है।

सोर्स। बरेली पुलिस

पुलिस के मुताबिक, 3 नवंबर की शाम पासपोर्ट कार्यालय के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने एक महिला के स्कूटी के हैंडल पर टंगा पर्स झपट लिया था। महिला की शिकायत पर 4 नवंबर को थाना बारादरी में मुकदमा दर्ज  किया गया था। घटना का खुलासा करने के लिए पुलिस टीम ने करीब 300 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और आरोपियों की तलाश शुरू की।

गुरुवार, 5 नवंबर की रात चेकिंग के दौरान पुलिस टीम को मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो आरोपियों ने बाइक रोकने के बजाय पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक आरोपी उफैजा के पैर में गोली लग गई। इसके बाद पुलिस ने उसके साथी नागराज को भी गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस अधिकारी शिवम आशुतोष ने बताया कि घायल आरोपी की पहचान उफैजा पुत्र नईमुद्दीन, निवासी काजी टोला, बारादरी के रूप में हुई है। दूसरे आरोपी का नाम शकील उर्फ शानी उर्फ नागराज पुत्र मोहम्मद अहमद उर्फ नन्हे है, जो एजाज नगर गौटिया का रहने वाला है।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से दो अवैध तमंचे, दो खोखा कारतूस और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। इसके अलावा छीने गए पर्स से एक मोबाइल फोन, तीन एटीएम कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, 1,810 रुपये नकद और कुछ चाबियां बरामद हुई हैं। घटना में इस्तेमाल मोटरसाइकिल भी पुलिस ने कब्जे में ले ली है।

पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों ने पूछताछ में अपने शौक पूरे करने के लिए चोरी और छिनैती की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया है। दोनों के खिलाफ पहले से भी आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। मुठभेड़ के संबंध में थाना बारादरी में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

newsvoxindia
Author: newsvoxindia

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ी गई न्यूज