मीरगंज में 24 घंटे में तीन मौतों से दहला हाईवे, पुलिस जांच में जुटी

Picture of newsvoxindia

newsvoxindia

FOLLOW US:

SHARE:

बरेली। मीरगंज थाना क्षेत्र में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। महज 24 घंटे के दौरान हुए दो अलग-अलग हादसों में तीन लोगों की जान चली गई। पहले हादसे में कंबाइन की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौत हुई, जबकि दूसरे हादसे में हाईवे पर खड़े खराब ट्रक से कंटेनर टकराने पर चालक की जान चली गई। लगातार हुई इन दुर्घटनाओं के बाद हाईवे पर सुरक्षा इंतजामों को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।

दूसरी घटना कुल्छा खुर्द के पास नेशनल हाईवे पर हुई। बताया जा रहा है कि दिल्ली से किराना का सामान लेकर शाहजहांपुर जा रहा कंटेनर सड़क पर खड़े खराब ट्रक से जा भिड़ा। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कंटेनर चालक फैसल केबिन में बुरी तरह फंस गया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला गया, लेकिन उसकी मौत हो चुकी थी।

 

सोर्स।न्यूज वॉक्स

फैसल बदायूं जिले के बिसौली थाना क्षेत्र के उदरपुर गांव का रहने वाला था। हादसे की सूचना पर मिलक इंस्पेक्टर पुष्कर सिंह, मीरगंज पुलिस और 112 पीआरवी मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद हाईवे पर वाहनों की कतार लग गई, जिसे पुलिस ने यातायात व्यवस्थित कर खुलवाया।

जानकारी के मुताबिक खराब ट्रक सुबह से ही हाईवे पर खड़ा था। ट्रक का इंजन फटने की बात सामने आई है। इसके बावजूद वाहन के आसपास पर्याप्त बैरिकेडिंग और चेतावनी संकेत नहीं लगाए जाने को लेकर सवाल उठ रहे हैं। घटना के बाद एनएचएआई की सुरक्षा व्यवस्था भी चर्चा में आ गई है।

इससे पहले इसी थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार कंबाइन मशीन की चपेट में आने से बाइक सवार दो युवकों की मौत हुई थी। दोनों घटनाओं ने हाईवे पर सुरक्षा उपायों और खराब वाहनों को लेकर निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं।

सीओ अजय कुमार ने बताया कि मीरगंज थाना क्षेत्र में हुए दोनों अलग-अलग हादसों में कुल तीन लोगों की मौत हुई है। सभी शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए हैं और दोनों मामलों में पुलिस की अग्रिम कार्रवाई जारी है।

फैसल की मौत की सूचना उसके गांव पहुंचते ही परिवार में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

newsvoxindia
Author: newsvoxindia

Leave a Comment