गल्ला मंडी में दोहरा हत्याकांड: दुकान कब्जे को लेकर  गोलियां, चाचा भतीजे की मौत

Picture of newsvoxindia

newsvoxindia

FOLLOW US:

SHARE:

रुद्रपुर। उत्तराखंड:

शहर की गल्ला मंडी सोमवार तड़के गोलियों की तड़तड़ाहट से दहल उठी। दुकान के स्वामित्व को लेकर चल रहे लंबे विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया, जिसमें एक ही परिवार के दो सदस्यों — गुरमेज सिंह (60) और उनके भतीजे मनप्रीत सिंह (26) — की गोली लगने से दर्दनाक मौत हो गई। जबकि गुरमेज सिंह का बेटा हनी किसी तरह जान बचाकर मौके से भाग निकला।

जानकारी के मुताबिक, लुधियाना एग्रो ट्रेडर्स नामक दुकान के स्वामित्व को लेकर ईश्वर कॉलोनी निवासी गुरमेज सिंह और मॉडल कॉलोनी निवासी दिनेश सलूजा तथा अवधेश सलूजा के बीच लंबे समय से विवाद चला आ रहा था। सोमवार तड़के दिनेश सलूजा पक्ष के लोग एक जेसीबी मशीन के साथ दुकान पर कब्जा करने पहुंचे।

दुकान पर लगे सीसीटीवी कैमरों से जब इसकी जानकारी मिली, तो गुरमेज सिंह अपने बेटे हनी और भतीजे मनप्रीत के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जैसे ही वे दुकान के पास पहुंचे, पहले से तैयार बैठे कब्जाधारियों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। फायरिंग में गुरमेज सिंह के पैर में और मनप्रीत के सीने में गंभीर चोटें आईं।

इलाके में मची अफरा-तफरी
फायरिंग की आवाज से गल्ला मंडी क्षेत्र में हड़कंप मच गया। व्यापारी अपनी दुकानें बंद कर इधर-उधर भागने लगे। इसी बीच हनी किसी तरह जान बचाकर वहां से फरार हो गया और पुलिस को सूचना दी।

गंभीर रूप से घायल गुरमेज सिंह और मनप्रीत को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर आरोपियों की पहचान कर ली है।

पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं और जल्द ही पूरे मामले का पर्दाफाश किया जाएगा। साथ ही गल्ला मंडी क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके।

तनावपूर्ण माहौल
दोहरी हत्या के बाद गल्ला मंडी और आसपास के इलाकों में तनाव व्याप्त है। पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार गश्त कर रही है।

newsvoxindia
Author: newsvoxindia

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ी गई न्यूज