बरेली। फतेहगंज पश्चिमी थाना क्षेत्र के चनेटा गांव में चोरों ने एक घर में सेंध लगाकर नकदी और लाखों रुपये के आभूषण चोरी कर लिए। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित विजयपाल के अनुसार, वह रात में बरामदे में सो रहे थे। इसी दौरान अज्ञात चोर मकान के पीछे से घर में दाखिल हुए और दो कमरों के कुंदे तोड़कर अलमारी में रखे करीब 50 हजार रुपये नकद तथा सोने-चांदी के कीमती जेवर समेट ले गए। चोरी हुए सामान में सोने का हार, करीब एक तोला सोना, कानों के कुंडल, नथ, बेसर, हंसुली, हाथफूल और खड़ुआ समेत अन्य आभूषण शामिल हैं।

सुबह घटना की जानकारी होने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं पर चिंता जताई और पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की। उनका कहना है कि 28 जून को भी गांव में लाखों रुपये की चोरी हुई थी, जिसका अब तक खुलासा नहीं हो सका है।
घटना की सूचना पर पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए। क्षेत्राधिकारी हाईवे देवेश कुमार सिंह ने बताया कि एसओजी और क्राइम टीम को जांच में लगाया गया है। थाना प्रभारी प्रवीन कुमार के अनुसार पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और जल्द ही घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।
फिलहाल पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर चोरों की तलाश में जुटी है।



