बरेली। सिरौली थाना क्षेत्र में स्कूल से लौट रही दो छात्राओं के साथ कथित अभद्रता का मामला सामने आया है। छात्राओं के शोर मचाने पर आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और एक युवक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया, जबकि उसका साथी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने छात्राओं की शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, थाना सिरौली क्षेत्र के गांव पिपरिया वीरपुर की दो छात्राएं व्योंधन खुर्द स्थित एक इंटर कॉलेज में पढ़ती हैं। गुरुवार को छुट्टी के बाद दोनों छात्राएं पैदल अपने घर लौट रही थीं। आरोप है कि रास्ते में बाइक सवार दो युवकों ने उन्हें रोक लिया और उनके साथ अभद्रता करते हुए जबरन बाइक पर बैठाने का प्रयास किया।
छात्राओं के विरोध और शोर मचाने पर खेतों में काम कर रहे ग्रामीण घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। लोगों को आता देख एक युवक बाइक लेकर फरार हो गया, जबकि दूसरे को ग्रामीणों ने पकड़ लिया। ग्रामीणों के अनुसार, पकड़े गए युवक ने माफी मांगकर छोड़ देने की बात कही, लेकिन लोगों ने पुलिस को सूचना दे दी।
सूचना मिलने पर नवाबपुरा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को अपने कब्जे में ले लिया। बताया जा रहा है कि पुलिस के पहुंचने पर युवक बेहोश होने का बहाना करता रहा। पूछताछ के दौरान उसने अपने साथी के बारे में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी।
दोनों छात्राओं ने पुलिस को लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस फरार युवक की तलाश के साथ पूरे मामले की जांच कर रही है।
इंस्पेक्टर सिरौली ने बताया कि पुलिस को छात्राओं के साथ अभद्रता किए जाने की शिकायत मिली है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



