

मुजस्सिम खान ,वरिष्ठ संवादाता
रामपुर : दुनिया भर मे हर जगह इंसान एक समूह के रूप में मिलजुलकर अपनी जिंदगी गुजारते हैं और उनकी मानसिक प्रवृत्ति के चलते कभी-कभी आपसी विवाद भी हो जाता हैं । लेकिन एक ऐसा गांव जहां पर दर्जनों परिवार रहते हो और उसके बाद भी 50 साल की लंबी समयावधि में कोई विवाद ना हुआ हो । यह जरूर हैरान करने वाली बात होगी , कुछ इसी तरह का ही एक गांव जनपद रामपुर में मौजूद है जहां पर पिछले 50 सालों से कोई विवाद थाने के अभिलेखों में दर्ज नहीं हुआ है । या यू कहें अगर किसी में आपसी विवाद भी हो जाता है तो यहां के बुजुर्ग ग्रामीण उसे आपसी सुलह समझौते के आधार पर गांव में ही निपटा देते हैं और उस विवाद को थाने तक पहुंचने ही नहीं देते हैं ।
रामपुर के थाना भोट से कुछ ही दूरी पर स्थित ग्राम पंचायत संकरा का कल्याणपुर मे दर्जनों घरों में काफी लंबे अरसे से एक ही समुदाय की रंगरेज़ जाति के ग्रामीण निवास करते चले आ रहे है। बावजूद इसके थाने में मौजूद पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार पिछले 50 वर्षों से इस गांव के किसी भी ग्रामीण में कानून नहीं तोड़ा है जिसके तहत किसी पर कोई एफआईआर तक दर्ज नहीं हुई है हालांकि यह बात अलग है छोटे-मोटे विवाद होने पर बुजुर्ग ग्रामीणों द्वारा सुलह समझौता कराकर दोनों पक्षों को संतुष्ट कर दिया जाता है । यहां पर रहने वाले ग्रामीणों का अपनी अमन परस्ती के सिलसिले में कहना है कि हमारे गांव में सभी लोग अमन पसंद है और हम लोग लड़ाई झगड़ों से दूर रहते हैं अगर कोई विवाद भी होता है तो सब आपस में बैठकर उसको निपटा लेते हैं।
ग्रामीण मुजफ्फर अली के मुताबिक हमारे गांव में सब एक ही बिरादरी के हैं कोई दूसरी बिरादरी का नहीं है। सब आपस में मामू नाना है इस गांव में सब रंगरेज बिरादरी के लोग हैं। हमारे यहां कोई झगड़ा होता नहीं है और होता है तो सब आपस में बैठकर उसे निपटा लेते हैं। हमें 4 आदमियों को या दूसरे गांव के लोगों को इकठ्ठा करने की जरूरत नहीं पड़ती है। मुजफ्फर ने बताया पहले तो हमारे गांव में कोई झगड़ा होता ही नहीं है होता है तो थाने तक नहीं पहुंचता है। चुनाव में भी कोई रंजिश नहीं होती है जिसको जहां वोट देना है वह देता है। बुजुर्ग ग्रामीण महमूद के मुताबिक गांव में झगड़ा होता ही नहीं है और होता है तो आपस मे निपटा लेते हैं और मेरी उम्र लगभग 60 साल हो गई है 60 साल में मैंने कोई भी मामला थाने में जाते हुए नहीं देखा है।
पुलिस अधीक्षक अंकित मित्तल के मुताबिक जनपद रामपुर के थाना भोट क्षेत्र का गांव है इस गांव के बारे में यह जानकारी प्राप्त हुई है के यहां के लोगों में आपसी समन्वय बहुत अच्छा है जिसके कारण यहां थाने में कोई भी ऐसा उल्लेखनीय विवाद प्रकाश में नहीं आया है जिस के संबंध में f.i.r. पंजीकृत की जाए। लोगों से जानकारी करने पर यह पता चला है उनके सामने कोई भी छोटे-मोटे विवाद जो उनके सामने आते हैं उनका निस्तारण वे अपने स्तर से कर लेते हैं जिससे कि इनके बीच का आपसी सौहार्द अच्छे से बना हुआ है।




