
कमलेश शर्मा
यूपी के शाहजहांपुर में रविवार को अपने खेत में धान की खड़ी फसल की सिंचाई करते वक्त एक किसान पर झाड़ियों में छुपे तेंदुए ने हमला कर दिया तो किसान के साथ मौजूद उसके पालतू कुत्ते ने बीच में आकर तेंदुए का सामना करते हुए अपनी खुद की जान दे दी लेकिन अपने मालिक की जान बचा ली। फिलहाल इस घटना के बाद से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।

जानकारी के मुताबिक शाहजहांपुर के पुवायां थाना क्षेत्र के गांव गुटैया की घटना है। यहां का रहने बाला किसान अखिलेश कुमार सुबह अपने खेत पर धान की फसल में पानी भर रहा था। इस दौरान झाड़ियों में छिपे तेंदुए ने निकल कर उस ऊपर हमला कर दिया। तभी किसान का पालतू कुत्ता आगे आकर खुद तेंदुए से भिड़ गया ।इसके बाद अखिलेश ने शोर मचाया तो खेतों पर काम कर रहे ग्रामीण आ गए। लेकिन तेंदुआ कुत्ते को अपने साथ खीच ले गया। हालाकि कुत्ते ने अपनी जान देकर भी अपने मालिक की जान बचा ली। इसके बाद आसपास के तमाम ग्रामीणों ने मामले की जानकारी खुटार रेंज के वनकर्मियों को दी। मौके पर पहुँचे वनकर्मी को ग्रामीणों ने जमकर खरीखोटी सुनाई। फिलहाल वनकर्मियों ने बड़ी मुश्किल से ग्रामीणों को शांत कराते हुए बताया कि तेंदुए के वापस जाने के पद चिन्ह नही मिले है। जिसके बाद से गुटैया गांव में तेंदुए के घूमने से आसपास के तमाम गांवों के लोगों में दहशत का माहौल है।




