मुमताज
बहेड़ी। दहेज के रूप में ससुरालियों की तहर-तरह की डिमांड रोज़ाना सामने आ रही हैं। घर बनाने के लिए 5 लाख रुपये न लाने पर दहेजलोभी ससुरालियों ने एक विवाहिता के साथ मारपीट कर घर से निकाल दिया। ससुरालियों ने धमकी दी कि अगर वह 5 लाख रुपये लिए बिना वापस आई तो वह उसे जान से मार देंगे। इस मामले मंे पीड़ित विवाहिता की तहरीर पर पुलिस ने पति समेत छः लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।
थाना क्षेत्र के गांव मुन्डिया नबीबख्श निवासी एक महिला का दरक्शा का कहना है कि उसकी शादी 9 वर्ष पूर्व फारूख पुत्र मोहम्मद उमर निवासी ग्राम बरी थाना सितारगंज जिला ऊधमसिंह नगर के साथ हुई थी।
शादी के कुछ समय बाद पति व ससुराली मकान बनाने के लिए उससे मायके से 5 लाख रुपये लाने की मांग करने लगे। जब उसने उनकी मांग पूरी करने में असमर्थता जताई तो पति व ससुराली आक्रोशित हो उठे और उसके साथ गाली गलौच कर मारपीट करने के बाद घर से बाहर निकाल दिया। पति व ससुरालियों ने धमकाते हुए कहा कि अगर वह 5 लाख के बिना घर वापस आई तो उसे जान से हाथ धोना पड़ेगा।
पीड़ित विवाहिता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी पति फारूख सहित मोहम्मद उमर, मोहम्मद नबी, मोहम्मद आरिफ, कामिल, समरीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।
(2)
विवाहता को अश्लील मैसेज भेजने वाले युवक पर पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
-मायके पहुंचने पर विवाहिता का अपहरण करने का भी किया प्रयास
बहेड़ी। एक युवक ने अपने साथियों की मदद से एक विवाहिता का अपहरण करने का प्रयास किया। युवक विवाहिता को अश्लील मैसेज भेजता था और कॉल करके गंदी-गंदी बाते करता था। इस मामले में पुलिस ने विवाहिता के पिता की शिकायत पर आरोपी युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।
थाना क्षेत्र के गांव उनई निवासी एक व्यक्ति का कहना है कि उसने अपनी पुत्री का विवाह थाना नवाबगंज के ग्राम टाह नगरिया में किया है। थाना सीबीगंज के गांव जोगीठेर निवासी एक युवक उसकी पुत्री को अश्लील मैसेज करता है और फोन करके गंदी-गंदी बाते करता है। बीती 1 सितम्बर को जब विवाहिता अपने मायके आई थी तो युवक अपने साथियों के साथ उसके घर पर पहुंच गया। घर पर पहुंचने के बाद युवक जबरन उसको कार में डालने लगा जिसपर आसपास के लोग मौके पर इकट्ठा हो गए और लोगों के पहुंचने पर युवक जान से मारने की धमकी देता हुआ भाग गया। घटना के बाद पुलिस ने विवाहिता के पिता की शिकायत पर आरोपी युवक दिलशाद पुत्र रियासत निवासी ग्राम जोगीठेर कलेक्टर बुकगंज जिला बरेली के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।




