फर्जी दिव्यांग प्रमाणपत्र कांड में फिर बड़ा एक्शन, मेडिकल के बाद कुलदीप को साथ ले गई दिल्ली पुलिस

Picture of newsvoxindia

newsvoxindia

FOLLOW US:

SHARE:

बरेली। फर्जी दिव्यांग प्रमाणपत्र मामले में दिल्ली पुलिस की कार्रवाई लगातार तीसरे दिन भी जारी रही। सोमवार को दिल्ली पुलिस की टीम एक बार फिर जिला अस्पताल पहुंची। टीम ने मामले में आरोपी कर्मचारी कुलदीप गंगवार को जिला अस्पताल में मेडिकल कराने के बाद अपने साथ दिल्ली ले जाने की खबरें है। इस कार्रवाई से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मचा रहा। वहीं आलाधिकारी भी अस्पताल से नदारद रहे।

 

दिल्ली पुलिस ने जिला अस्पताल में दिव्यांग प्रमाणपत्र से जुड़े अधिकारियों, डॉक्टरों और अन्य कर्मचारियों से भी लंबी पूछताछ की। दिव्यांग प्रमाणपत्र के नोडल अधिकारी से प्रमाणपत्र जारी करने की प्रक्रिया, संबंधित दस्तावेज और रिकॉर्ड के बारे में जानकारी ली गई। इसके अलावा ईएनटी विशेषज्ञ समेत अन्य डॉक्टरों और कर्मचारियों से भी पूछताछ  की खबरें है।

पूछताछ के दौरान दिव्यांग प्रमाणपत्र कक्ष का गेट बंद रहा। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि कथित फर्जी प्रमाणपत्र तैयार कराने से लेकर उन्हें जारी करने तक की पूरी प्रक्रिया में किन-किन लोगों की भूमिका रही। अलग-अलग कर्मचारियों से पूछताछ कर पुलिस मामले की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है।

वहीं, पुलिस की कार्रवाई के चलते दिव्यांग प्रमाणपत्र बनवाने पहुंचे लोगों और उनके परिजनों को परेशानी का सामना करना पड़ा। कई फरियादियों को अगले सोमवार की तारीख देकर वापस लौटना पड़ा।दिल्ली पुलिस की लगातार तीसरे दिन जिला अस्पताल में दस्तक और आरोपी कर्मचारी को मेडिकल के बाद अपने साथ ले जाने से स्वास्थ्य विभाग में खलबली मची हुई है। मामले में जांच आगे बढ़ने के साथ आने वाले दिनों में और लोगों से पूछताछ होने की संभावना है।

newsvoxindia
Author: newsvoxindia

Leave a Comment