बरेली। सोमवार को हुई तेज बारिश ने स्वास्थ्य विभाग की व्यवस्थाओं की पोल खोल दी। बारिश के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) कार्यालय की छत से पानी टपकने लगा। सीएमओ डॉ. विश्राम सिंह के कार्यालय से सटे कई कमरों में छत से पानी आने के कारण कर्मचारियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। कार्यालय परिसर में जगह-जगह पानी दिखाई दिया।

बारिश का असर जिला अस्पताल में भी देखने को मिला। अस्पताल परिसर के कई हिस्सों में जलभराव हो गया, जिससे मरीजों और तीमारदारों को आवागमन में दिक्कत हुई। डिस्पेंसरी और अन्य विभागों में जाने वाले मरीजों को पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ा। कई जगह कर्मचारियों को पानी हटाने के लिए मशक्कत करनी पड़ी।
सबसे ज्यादा चिंता जिला अस्पताल के रिकॉर्ड रूम को लेकर सामने आई, जहां बारिश का पानी छत से टपकने लगा। रिकॉर्ड रूम में महत्वपूर्ण दस्तावेज और स्वास्थ्य संबंधी पुराने रिकॉर्ड रखे हुए हैं। ऐसे में लगातार पानी टपकने से दस्तावेजों के खराब होने का खतरा बना हुआ है। यदि समय रहते व्यवस्था नहीं की गई तो सरकारी रिकॉर्ड को नुकसान पहुंच सकता है।
बताया जा रहा है कि जिला अस्पताल के कई विभागों की इमारतें वर्षों पुरानी हैं। बारिश के मौसम में छतों से पानी टपकने और परिसर में जलभराव की समस्या कोई नई नहीं है। हर साल बारिश के दौरान मरीजों और कर्मचारियों को इसी तरह की परेशानी का सामना करना पड़ता है।
स्वास्थ्य विभाग के प्रमुख कार्यालय और जिला अस्पताल जैसी महत्वपूर्ण जगहों पर बारिश के दौरान सामने आई इस स्थिति ने भवनों के रखरखाव और जल निकासी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। मरीजों और कर्मचारियों ने समस्या के स्थायी समाधान की मांग की है।



