ओवरहेड टंकी का जीना ढहा, मलबे में दबकर मजदूर की मौत; एक की हालत गंभीर

Picture of newsvoxindia

newsvoxindia

FOLLOW US:

SHARE:

मीरगंज। बकैनिया वीरपुर गांव में जल जीवन मिशन के तहत चल रहे ओवरहेड टंकी निर्माण के दौरान सोमवार को दर्दनाक हादसा हो गया। टंकी पर काम कर रहे मजदूरों के लिए बनाया गया जीना अचानक भरभराकर नीचे आ गिरा। हादसे में दो मजदूर मलबे की चपेट में आ गए। गंभीर चोट लगने के कारण एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।

सोर्स।न्यूज वोक्स

हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया और मलबा हटाकर दोनों मजदूरों को बाहर निकाला। इसके बाद ठेकेदार दोनों को एंबुलेंस की मदद से बरेली के निजी अस्पताल लेकर पहुंचा। यहां चिकित्सकों ने 20 वर्षीय वरुण पुत्र डोरीलाल को मृत घोषित कर दिया। वहीं कुड़रिया खुर्द निवासी 40 वर्षीय राजेश पुरी पुत्र हेतराम पुरी का गंभीर अवस्था में उपचार चल रहा है।

ग्रामीणों के मुताबिक, गांव में पेयजल की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए जल जीवन मिशन के तहत ओवरहेड टंकी का निर्माण कराया जा रहा है। इस परियोजना का काम 22 फरवरी 2023 से जारी है। एनसीसी लिमिटेड संस्था के माध्यम से ठेकेदार निर्माण कार्य करा रहा है।

सोमवार को मजदूर निर्माणाधीन ढांचे पर काम कर रहे थे। इसी दौरान जीना अचानक टूट गया और नीचे आ गिरा। घटना के बाद ग्रामीणों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर सवाल खड़े किए हैं।

ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण में इस्तेमाल होने वाली सामग्री की गुणवत्ता मानकों के अनुरूप नहीं है। उनका कहना है कि तेज हवा के दौरान निर्माणाधीन टंकी में कंपन महसूस होता है। ग्रामीणों के अनुसार, इसको लेकर पहले भी लोगों के बीच चिंता बनी हुई थी।

प्रेमशंकर, अमित, रामप्रकाश, अनुज, मोहित और रामचरनलाल समेत कई ग्रामीणों ने पूरे निर्माण कार्य की तकनीकी जांच कराने की मांग की है। ग्राम प्रधान महेंद्र पाल वर्मा ने भी टंकी की गुणवत्ता और निर्माण में अपनाए जा रहे मानकों की जांच कराने की मांग अधिकारियों से की है।

ग्रामीणों का कहना है कि योजना के तहत बड़ी धनराशि खर्च होने के बावजूद गांव में अभी तक पेयजल आपूर्ति शुरू नहीं हो सकी है। निर्माण के दौरान हुए हादसे ने अब परियोजना की गुणवत्ता और मजदूरों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

एसडीएम मीरगंज निधि शुक्ला ने कहा कि हादसे की जांच कराई जाएगी। इसके साथ ही निर्माण कार्य की गुणवत्ता की भी जांच होगी। जांच में यदि लापरवाही सामने आती है तो संबंधित जिम्मेदारों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

newsvoxindia
Author: newsvoxindia

Leave a Comment