
सौरभ द्विवेदी
यूपी के इटावा में गुरूवार को ऊसराहार क्षेत्र के सुजानपुर गाँव मे बने एक तालाब में से दो मासूम बच्चे और एक 30 वर्षीय महिला का शव बरामद हुआ। इस तरह की घटना से गांव में सनसनी फैल गई, जिसके बाद पुलिस को सूचना प्राप्त हुई पुलिस ने तीनों के शवों को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौके पर वरिष्ठ अधिकारियों ने पहुंचकर जांच-पड़ताल की। वही बताया यह भी जा रहा है कि मृतिका और उसके पति में कुछ मामूली कहासुनी भी चल रही थी |
मृतिका के भाई सतेंद्र सिंह ने बताया कि मृतिका पम्मी (30 )उसकी बहन है | कुछ दिन पहले उसके बहन की अपने पति से कही आने जाने को लेकर कुछ कहासुनी हो गई थी | घटना के पीछे क्या है उन्हें भी समझ नहीं आ रहा है | आज तालाब से उसकी बहन और दो बच्चों के शव तालाब में मिले जिसे उसने खुद देखने के बाद निकाला | सतेंद्र ने बताया पम्मी के साथ उसके मासूम भांजी खुशी(6 ) , भांजा प्रयांशु(3 ) का शव भी मिला है | सतेंद्र ने यह भी बताया कि उसके बहनोई जोगेश खेती किसानी करके अपने परिवार पोषण करते है |
अपर पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने बताया की वरिष्ठ अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है। परिजनों से बात की गई है अभी तक किसी प्रकार की कोई भी तहरीर नही मिली है, तीनों शवों को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दोनों ही परिवार सदमे में है कुछ कहने की स्थिति में नहीं है, ना ही किसी प्रकार की आशंका जताई गई है। पोस्टमार्टम की रिपोर्ट के आधार पर और पूछताछ के आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं। उसके बाद ही कुछ तथ्यों का पता लगाया जा सकता है।




