बरेली। बाबूराम धर्मशाला, शिवाजी मार्ग पर चल रहे श्री गणेश महोत्सव में बुधवार को सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छोटे-छोटे बच्चों ने भगवान गणेश के स्वरूप में सजकर गणपति बप्पा के भजनों पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया। नन्हे कलाकारों की प्रस्तुतियों ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया और पूरा परिसर गणपति बप्पा के जयकारों से गूंज उठा।

बच्चों ने विभिन्न भजनों पर नृत्य के माध्यम से भगवान गणेश की आराधना की। गणपति के स्वरूप में सजे बच्चों ने अपनी आकर्षक प्रस्तुतियों से धार्मिक वातावरण को और भक्तिमय बना दिया। कार्यक्रम के दौरान मौजूद श्रद्धालुओं ने बच्चों का उत्साहवर्धन किया।
महोत्सव के दौरान उत्तर प्रदेश सराफा व्यापारी एसोसिएशन के प्रदेश उपाध्यक्ष भूपेश कुमार ने परिवार के साथ भगवान श्री गणेश की पूजा-अर्चना और आरती की। उन्होंने गणपति बप्पा से सभी के सुख, समृद्धि और मंगल की कामना की। शाम को संस्था के महामंत्री अविनाश पाटील और उपाध्यक्ष दशरथ घाडगे ने भी भगवान गणेश की पूजा एवं आरती की।
संस्था के संयोजक उमंग शंखधार ने बताया कि 20 सितंबर तक चलने वाले गणेश महोत्सव में विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि गुरुवार 17 सितंबर को मनमोहक झांकियों का आयोजन होगा। वहीं शुक्रवार 18 सितंबर को दोपहर 12 बजे से बाबूराम धर्मशाला के प्रांगण में भंडारे का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने श्रद्धालुओं से भंडारे में पहुंचकर प्रसाद ग्रहण करने और भगवान गणेश का आशीर्वाद लेने की अपील की।
कार्यक्रम में पांडुरंग, मराठा, विकास अग्रवाल, विशाल रस्तोगी, मनीष शर्मा, राहुल रस्तोगी, शौर्य खंडेलवाल, सौरव अग्रवाल, सोनू दत्ता, मंगेश कदम, निखिलेश मिश्रा, मनोज वर्मा सहित अन्य श्रद्धालु मौजूद रहे।




