बरेली। मिनी बाईपास के पास सैदपुर हाकिंस में करीब 3000 वर्गमीटर जमीन पर बिना मंजूरी विकसित की जा रही अवैध कॉलोनी पर मंगलवार को बीडीए ने कार्रवाई की। प्रवर्तन टीम ने मौके पर पहुंचकर प्लाटिंग के लिए बनाई गई सड़क और बाउंड्रीवाल समेत अन्य निर्माण ध्वस्त कर दिया। इसी अभियान में बन्नूवाल नगर में बिना स्वीकृति कराया जा रहा निर्माण भी सील किया गया।

बीडीए के अनुसार सैदपुर हाकिंस में ललित गंगवार की ओर से करीब 3000 वर्गमीटर क्षेत्र में कॉलोनी विकसित की जा रही थी। जमीन पर भूखंडों का चिन्हांकन करने के साथ सड़क और बाउंड्रीवाल का निर्माण कराया गया था। प्राधिकरण की अनुमति के बिना चल रहे इस निर्माण के खिलाफ टीम ने कार्रवाई करते हुए मौके पर मौजूद अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया।
वहीं बन्नूवाल नगर, सौ फुटा रोड पर प्रभाकर मिश्रा करीब 110 वर्गमीटर क्षेत्र में बने भवन के भूतल के लगभग 30 वर्गमीटर हिस्से में बिना स्वीकृति कॉलम खड़े कर निर्माण करा रहे थे। बीडीए टीम ने निर्माणाधीन हिस्से को सील कर दिया।

कार्रवाई विशेष कार्याधिकारी अजीत कुमार सिंह के नेतृत्व में हुई। अभियान में सहायक अभियंता विनोद कुमार और अवर अभियंताओं की टीम शामिल रही।
बीडीए ने लोगों से अपील की है कि प्लॉट खरीदने से पहले संबंधित कॉलोनी का मानचित्र और लेआउट प्राधिकरण से स्वीकृत है या नहीं, इसकी जांच जरूर करें। प्राधिकरण ने अवैध प्लाटिंग और बिना स्वीकृति निर्माण के खिलाफ कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।




