बरेली। आंवला तहसील क्षेत्र में अरिल नदी का तेज बहाव सोमवार शाम तीन लोगों के लिए मुसीबत बन गया। दारूआपुर गांव के पास रपटा पुल पार करते समय बाइक सवार तीन लोग अचानक नदी में जा गिरे। पानी का बहाव तेज होने के कारण तीनों बाइक समेत बह गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस और गोताखोरों की टीमें देर रात तक नदी में तलाश करती रहीं, लेकिन तीनों का पता नहीं चल सका।

बताया जा रहा है कि तीनों लोग बाइक से बरेली की ओर से आ रहे थे। दारूआपुर के पास अरिल नदी के रपटा पुल को पार करते समय बाइक अनियंत्रित हो गई। इससे बाइक समेत तीनों नदी में गिर गए और तेज बहाव के साथ बहते चले गए।
पुलिस और गोताखोरों ने चलाया सर्च ऑपरेशन
घटना की सूचना मिलते ही आंवला और बिशारतगंज थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। गोताखोरों की मदद से नदी में तलाश शुरू कराई गई। काफी देर तक अलग-अलग स्थानों पर सर्च ऑपरेशन चलाया गया, लेकिन खबर लिखे जाने तक तीनों लोगों की पहचान भी नहीं हो सकी थी और उनका कोई सुराग नहीं मिला था।
डीएम और एसएसपी ने घटनास्थल का किया निरीक्षण
हादसे की जानकारी मिलने पर जिलाधिकारी अविनाश सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य भी घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने मौके की स्थिति का निरीक्षण किया और आसपास के संवेदनशील इलाकों का स्थलीय जायजा लिया। इस दौरान नदी के जलस्तर और मौजूदा परिस्थितियों की जानकारी ली गई।

बाढ़ की आशंका को लेकर प्रशासन अलर्ट
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को अरिल नदी के जलस्तर पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए। संभावित बाढ़ प्रभावित और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने के साथ जरूरत पड़ने पर तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू करने को कहा गया है।
प्रशासन की ओर से नदी और आसपास के इलाकों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। अधिकारियों ने किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए राहत और बचाव की तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। फिलहाल नदी में बहे तीनों लोगों की तलाश जारी है।



