
उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में एक बेटे ने अपनी पत्नी के साथ मिलकर मामूली कहासुनी में अपनी मां की हत्या कर दी और मौके से फरार हो गए | घटना की जानकारी पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है | पुलिस ने महिला के परिजनों की तहरीर पर मामला दर्जकर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है | जानकारी के मुताबिक फिरोजाबाद के थाना नसीरपुर क्षेत्र के गांव हरगनपुर की बुजुर्ग महिला चंद्रवती पत्नी स्व. वीर सहाय अपने परिवार के साथ गांव में रहती थी। सोमवार सुबह महिला चंद्रवती का अपने पुत्र जगत सिंह और उसकी पत्नी वीनेश से झगड़ा हो गया। कहासुनी में जगत सिंह और वीनेश ने चंद्रवती के साथ मारपीट कर दी। इसी दौरान जगत और वीनेश ने चंद्रवती को जमीन पर पटक दिया , जिसके चलते चंद्रवती की मौके पर ही मौत हो गई। जैसे मामले की जानकारी परिवार के लोगो के साथ ग्रामीणों को लगी तो लोग इकट्ठा हो गए | आरोपी जगत और वीनेश को पकड़ने की कोशिश की गई लेकिन पति पत्नी मौके से फरार हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वही चंद्रवती के बड़े बेटे श्यामसुंदर ने छोटे भाई जगत सिंह और उसकी पत्नी वीनेश के खिलाफ हत्या की तहरीर दी है। पुलिस ने तहरीर के आधार मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।




