बरेली। चाचा और भतीजी का रिश्ता परिवार के सबसे प्यारे रिश्तों में गिना जाता है। चाचा को पिता के समान सम्मान दिया जाता है और उससे स्नेह व सुरक्षा की उम्मीद की जाती है। लेकिन बरेली में इसी रिश्ते को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक 19 वर्षीय युवती ने चाचा की कथित मारपीट और आए दिन की प्रताड़ना से परेशान होकर दिवाली की रात आत्महत्या कर ली। बेटी की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा है। वहीं पिता ने पुलिस पर शिकायत के बावजूद समय रहते कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया है।
नशे में घर पहुंचा चाचा, मां-बेटी से मारपीट का आरोप
मामला सुभाषनगर थाना क्षेत्र के गणेश नगर गली नंबर तीन का है। यहां रहने वाले संजीव कश्यप की 19 वर्षीय बेटी नैंसी इंटरमीडिएट की छात्रा थी। पिता के मुताबिक, रविवार शाम वह दिवाली के लिए मिठाई खरीदने बाजार गए थे। इसी दौरान उनका छोटा भाई सचिन उर्फ राजा कथित तौर पर नशे की हालत में घर पहुंचा और उनकी पत्नी व बेटी के साथ मारपीट की।घर लौटने पर पत्नी ने संजीव को पूरी घटना बताई। इसके बाद नैंसी अपने पिता के साथ सुभाषनगर थाने पहुंची और चाचा के खिलाफ शिकायत की।
थाने में शिकायत के बाद भी नहीं थमा विवाद
पिता का आरोप है कि शिकायत देने के बावजूद चाचा की हरकतों में कोई बदलाव नहीं आया। घर लौटने के बाद फिर गाली-गलौज और विवाद शुरू हो गया। परिवार में लगातार हो रहे झगड़ों से नैंसी मानसिक रूप से परेशान थी। रविवार देर रात करीब एक बजे उसने घर में फंदा लगाकर जान दे दी। परिजन उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
होनहार बेटी की मौत से मां बेसुध, पिता ने पुलिस पर उठाए सवाल
नैंसी की मां गोमती देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्होंने बताया कि नैंसी दो बेटियों में बड़ी थी और इंटरमीडिएट की पढ़ाई कर रही थी। वह पढ़ाई में भी काफी अच्छी थी। मां का आरोप है कि उनका देवर नशे का आदी था और आए दिन घर में विवाद करता था।
पिता संजीव कश्यप का कहना है कि बेटी खुद उनके साथ पुलिस के पास शिकायत लेकर गई थी। अगर समय रहते पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया होता तो शायद आज उनकी बेटी जिंदा होती।
आरोपी चाचा के खिलाफ मुकदमा दर्ज, तलाश में पुलिस
मामले में सुभाषनगर पुलिस ने सचिन उर्फ राजा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। इंस्पेक्टर सतीश कुमार नैन ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगाई गई है। मामले की जांच के साथ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।



