गर्मी और बाढ़ से पहले सतर्क प्रशासन, उपजिलाधिकारी ने की गोशाला का निरीक्षण

Picture of newsvoxindia

newsvoxindia

FOLLOW US:

SHARE:

देवरनियाँ (बरेली)।भीषण गर्मी और संभावित बाढ़ को देखते हुए प्रशासनिक स्तर पर सतर्कता बढ़ा दी गई है। इसी क्रम में बहेड़ी तहसील की उपजिलाधिकारी रत्निका श्रीवास्तव ने शनिवार को ग्राम पंचायत शरीफनगर स्थित गोशाला का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने गोवंश के लिए चारे और पानी की उपलब्धता का जायज़ा लिया और गोशाला प्रबंधन को निर्देश दिए कि भीषण गर्मी में पशुओं को पर्याप्त मात्रा में हरा चारा, स्वच्छ पानी और छाया की व्यवस्था अनिवार्य रूप से की जाए। उन्होंने कहा कि प्रशासन पशुधन के संरक्षण को लेकर गंभीर है और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उपजिलाधिकारी ने आगामी वर्षा ऋतु में संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए भी गोशाला में विशेष तैयारियां सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि गोवंश को सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित करने की वैकल्पिक योजना, चारा भंडारण और चिकित्सकीय सहायता के इंतज़ाम पहले से कर लिए जाएं।

निरीक्षण के दौरान ब्लॉक विकास अधिकारी (बीडीओ) शेरगढ़ और पशु चिकित्सा अधिकारी भी मौजूद रहे। दोनों अधिकारियों ने गोशाला प्रबंधन को हर संभव सहयोग का आश्वासन देते हुए नियमित निगरानी करने की बात कही।

प्रशासन की इस तत्परता को स्थानीय ग्रामीणों और पशुपालकों ने सराहा है। गोवंश की सुरक्षा और कल्याण को लेकर की जा रही इस पहल से क्षेत्र में सकारात्मक संदेश गया है।

newsvoxindia
Author: newsvoxindia

Leave a Comment