बरेली। बहेड़ी थाना क्षेत्र में रविवार को एक दर्दनाक हादसे में दो ट्रक चालकों की ट्रेन की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दोनों चालक रेत-बजरी से लदे ट्रक चलाते थे और कथित तौर पर चेकिंग से बचने के प्रयास में रेलवे ट्रैक की ओर भाग गए, जहां तेज रफ्तार ट्रेन की चपेट में आ गए।

मृतकों की पहचान इरफान और वासिफ के रूप में हुई है। हादसा बहेड़ी थाना क्षेत्र के मुड़िया टोल प्लाजा के पास स्थित रेलवे ट्रैक पर हुआ। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी।सूचना मिलते ही एसपी ग्रामीण उत्तरी, सीओ बहेड़ी, इंस्पेक्टर बहेड़ी सहित भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। घटना के कारणों की पुष्टि के लिए टोल प्लाजा और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद ही पूरे घटनाक्रम की स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी।फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। सीओ अरुण कुमार ने बताया कि मीटिंग में बिजी है।


