शाही में दर्दनाक हादसा: बिजली के खंभे में दौड़े करंट से मैकेनिक की मौत

Picture of newsvoxindia

newsvoxindia

FOLLOW US:

SHARE:

बरेली के शाही थाना क्षेत्र के मिर्जापुर चौराहे पर मंगलवार रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। परतापुर गांव निवासी 34 वर्षीय नंदराम, जो मिर्जापुर में इंजन मैकेनिक की दुकान चलाकर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे, बिजली के खंभे में उतरे करंट की चपेट में आ गए। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

बताया जा रहा है कि नंदराम रोज की तरह दुकान बंद कर रात करीब आठ बजे घर लौटने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान वह चौराहे के पास गए, जहां सड़क किनारे लगे लोहे के बिजली के खंभे में करंट दौड़ रहा था। खंभे के संपर्क में आते ही उन्हें जोरदार करंट लगा और वह जमीन पर गिर पड़े।

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल बिजली आपूर्ति बंद कराई और परिजनों की मदद से नंदराम को इलाज के लिए नजदीकी चिकित्सक के पास पहुंचाया, लेकिन डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मृतक अपने पीछे पत्नी रजनी देवी और तीन छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं। परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य खोने से घर में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

घटना के बाद परतापुर गांव और मिर्जापुर क्षेत्र के लोगों में भी गहरा आक्रोश है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में कई स्थानों पर जर्जर बिजली के खंभे और तार लंबे समय से हादसों को दावत दे रहे हैं। उन्होंने बिजली विभाग से ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
सूचना मिलने पर शाही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। वहीं, हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।

newsvoxindia
Author: newsvoxindia

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ी गई न्यूज