तीसरी मौत: भोजीपुरा में आकाशीय बिजली गिरने से युवक की दर्दनाक मौत, गांव में पसरा मातम

Picture of newsvoxindia

newsvoxindia

FOLLOW US:

SHARE:

 

भोजीपुरा।थाना भोजीपुरा क्षेत्र के गांव जटौआ में रविवार सुबह आकाशीय बिजली गिरने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

जानकारी के अनुसार, गांव निवासी 25 वर्षीय दुर्गा प्रसाद रविवार तड़के करीब साढ़े पांच बजे शौच के लिए घर से निकला था। काफी देर तक घर वापस न लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान दुर्गा प्रसाद का शव गांव के पास स्थित निर्माणाधीन राइस मिल की बाउंड्री वॉल के पास पड़ा मिला। शव देखते ही परिजनों में कोहराम मच गया।

सूचना मिलने पर चौकी धौंराटांडा के इंचार्ज संजय कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में युवक की मौत आकाशीय बिजली गिरने से होना पाया गया। मृतक के पिता मोहन लाल ने थाना भोजीपुरा के प्रभारी निरीक्षक प्रवीन सोलंकी को पत्र देकर पोस्टमार्टम की मांग की।

पुलिस ने परिजनों की तहरीर के आधार पर पंचायतनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि प्रथम दृष्टया दुर्गा प्रसाद की मौत आकाशीय बिजली गिरने से हुई प्रतीत हो रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।

घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है और लोग परिजनों को ढांढस बंधाने उनके घर पहुंच रहे हैं।

 

newsvoxindia
Author: newsvoxindia

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ी गई न्यूज