उर्स-ए-रज़वी की तैयारियों का प्रशासन ने लिया जायजा, दरगाह से पर्यावरण संरक्षण का भी दिया संदेश

Picture of newsvoxindia

newsvoxindia

FOLLOW US:

SHARE:

बरेली। आगामी उर्स-ए-रज़वी की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन ने सोमवार को दरगाह आला हज़रत और उर्स स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए आयोजकों के साथ सुरक्षा, साफ-सफाई, यातायात और श्रद्धालुओं की सुविधाओं से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की।

सोर्स।न्यूज वोक्स

निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (नगर) संतोष कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक (नगर) मानुष पारिख और अन्य अधिकारियों ने दरगाह प्रमुख हज़रत मौलाना सुब्हान रज़ा खान (सुब्हानी मियां) से मुलाकात की। बैठक में उर्स के दौरान आने वाले जायरीन की सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था और आयोजन से जुड़ी तैयारियों पर विस्तार से चर्चा हुई। अधिकारियों ने उर्स स्थल इस्लामिया मैदान का भी निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का आकलन किया। इस अवसर पर हाजी जावेद खान, परवेज़ नूरी, औरंगजेब नूरी, ताहिर अल्वी और अजमल नूरी सहित कई लोग मौजूद रहे।

 

दूसरी ओर, दरगाह प्रबंधन से जुड़े प्रतिनिधियों ने जायरीन के ठहरने और लंगर की व्यवस्था वाले विद्यालयों का दौरा कर तैयारियों की समीक्षा की। संबंधित टीम ने व्यवस्थाओं को समय पर पूरा करने के निर्देश भी दिए।

उधर, उर्स के अवसर पर सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रम भी चलाए जा रहे हैं। मीडिया प्रभारी नासिर कुरैशी ने बताया कि स्वास्थ्य शिविरों के साथ पौधारोपण और पौधों के वितरण का अभियान भी आयोजित किया जा रहा है। दरगाह के सज्जादानशीन मुफ्ती अहसन मियां ने लोगों से पर्यावरण संरक्षण में भागीदारी की अपील करते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए और उसकी देखभाल भी करनी चाहिए।

 

उन्होंने छायादार और फलदार पौधे लगाने पर जोर देते हुए कहा कि इससे पर्यावरण संरक्षण के साथ शहर को हरा-भरा और सुंदर बनाने में भी योगदान मिलेगा। इसी अभियान के तहत दरगाह परिसर और उर्स स्थल पर पौधारोपण के साथ लोगों को पौधे भी वितरित किए गए।

newsvoxindia
Author: newsvoxindia

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ी गई न्यूज