बरेली।
जानकारी के अनुसार, रजऊ गांव निवासी बबलू, अमित और अमित की पत्नी सीमा एक ही बाइक से केसरपुर जा रहे थे। रास्ते में उनकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े टैंकर से जा भिड़ी। टक्कर इतनी तेज थी कि तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलते ही बिथरी चैनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों को अस्पताल भिजवाया। चिकित्सकों ने जांच के बाद बबलू और अमित को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल सीमा का उपचार जारी है।
परिजनों ने बताया कि तीनों केसरपुर निवासी अमित की बुआ कृष्णा का हालचाल लेने जा रहे थे। बताया गया कि उन्हें हार्ट अटैक आया था। इसी दौरान रास्ते में यह दर्दनाक हादसा हो गया।
बिथरी चैनपुर इंस्पेक्टर राजेश कुमार मिश्रा ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि हादसा तेज रफ्तार, लापरवाही या किसी अन्य कारण से हुआ। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।



