सिरफिरे युवक ने मेडिकल छात्रा पर किया चाकू से हमला, बरेली के अस्पताल में इलाज के दौरान मौत

Picture of newsvoxindia

newsvoxindia

FOLLOW US:

SHARE:

बरेली। पीलीभीत राजकीय मेडिकल कॉलेज में मंगलवार सुबह एक सनसनीखेज घटना सामने आई। मेडिकल कॉलेज के सीटी स्कैन विभाग में एक युवक ने छात्रा पर चाकू से कई वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल छात्रा को प्राथमिक उपचार के बाद बरेली के भोजीपुरा स्थित श्रीराम मूर्ति स्मारक (एसआरएमएस) मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

 

फोटो में आरोपी सागर

 

घटना में बीच-बचाव करने पहुंची एक स्टाफ नर्स भी घायल हो गई। पुलिस ने आरोपी युवक को मौके से ही हिरासत में ले लिया।
जानकारी के अनुसार, बरेली के भुता थाना क्षेत्र के केसरपुर गांव निवासी 20 वर्षीय कशिश पटेल पीलीभीत राजकीय मेडिकल कॉलेज में डिप्लोमा इन सीटी स्कैन टेक्नोलॉजी प्रथम वर्ष की छात्रा थीं। मंगलवार सुबह वह सीटी स्कैन विभाग में ड्यूटी पर थीं। इसी दौरान कानपुर नगर के अरौल थाना क्षेत्र के मडेवा गांव निवासी सागर सिंह, जो उसी मेडिकल कॉलेज में एक्स-रे टेक्नीशियन का छात्र है, वहां पहुंचा और धारदार हथियार से छात्रा पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि दोनों पहले से एक-दूसरे को जानते थे।

छात्रा की चीख-पुकार सुनकर बचाने पहुंचीं स्टाफ नर्स निधि सहगल भी हमले में घायल हो गईं। अस्पताल कर्मियों ने तत्काल आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।गंभीर रूप से घायल कशिश को प्राथमिक उपचार के बाद एसआरएमएस मेडिकल कॉलेज, बरेली रेफर किया गया, लेकिन अधिक रक्तस्राव के कारण उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।

भोजीपुरा इंस्पेक्टर कुंवर बहादुर सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

newsvoxindia
Author: newsvoxindia

Leave a Comment