राजस्व निरीक्षक 10 हजार की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार

Picture of newsvoxindia

newsvoxindia

FOLLOW US:

SHARE:

बरेली/पीलीभीत। भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत भ्रष्टाचार निवारण संगठन (एंटी करप्शन) बरेली की टीम ने पीलीभीत जिले की बीसलपुर तहसील में तैनात एक राजस्व निरीक्षक को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। कार्रवाई के बाद राजस्व विभाग में हड़कंप मच गया।

एंटी करप्शन संगठन के अधिकारियों के मुताबिक, शिकायतकर्ता रिंकू गंगवार ने आरोप लगाया था कि उसकी जमीन के सीमांकन और रिपोर्ट (आख्या) तैयार करने के एवज में राजस्व निरीक्षक हरिज्ञान सिंह 10 हजार रुपये की रिश्वत की मांग कर रहे थे। शिकायत मिलने के बाद संगठन ने गोपनीय तरीके से मामले का सत्यापन कराया। आरोप सही पाए जाने पर ट्रैप टीम गठित कर कार्रवाई की योजना बनाई गई।

 

मंगलवार दोपहर करीब 3:10 बजे टीम ने बीसलपुर के ईंटगांव चौराहे के पास जाल बिछाया। जैसे ही शिकायतकर्ता ने आरोपी को तय रकम सौंपी, पहले से मौजूद एंटी करप्शन टीम ने राजस्व निरीक्षक को रंगे हाथ पकड़ लिया। पूरी कार्रवाई टीम प्रभारी निरीक्षक प्रवीण सान्याल के नेतृत्व में की गई।

गिरफ्तारी के बाद आरोपी को थाना सुनगढ़ी ले जाया गया, जहां उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
भ्रष्टाचार निवारण संगठन ने आम लोगों से अपील की है कि यदि कोई सरकारी कर्मचारी किसी कार्य के बदले रिश्वत की मांग करता है तो उसकी सूचना तत्काल संगठन को दें। शिकायतकर्ता की पहचान गोपनीय रखते हुए जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (संशोधित) की सुसंगत धाराओं के तहत थाना सुनगढ़ी, जनपद पीलीभीत में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

newsvoxindia
Author: newsvoxindia

Leave a Comment