बेटे के साथ पुलिस भर्ती परीक्षा पास कर गांव लौटे रिटायर्ड फौजी, हुआ जोरदार स्वागत

Picture of newsvoxindia

newsvoxindia

FOLLOW US:

SHARE:

सेना से सेवानिवृत्त यशपाल सिंह और बेटे शेखर का चयन, अलग-अलग जिलों में करेंगे ट्रेनिंग

बरेली।
सेना से सेवानिवृत्त यशपाल सिंह ने अपने बेटे शेखर के साथ यूपी पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा-2023 उत्तीर्ण कर नई मिसाल कायम की है। पिता-पुत्र की इस सफलता पर गांव में खुशी की लहर है। सोमवार को जब दोनों गांव लौटे तो ग्रामीणों ने फूल-मालाओं और ढोल-नगाड़ों से उनका भव्य स्वागत किया।

गौतमबुद्धनगर जिले की तहसील धौलाना के गांव उदयरामपुर नगला निवासी यशपाल सिंह 2019 में सेना से सेवानिवृत्त हुए थे। इसके बाद उन्होंने शिक्षा पूरी करते हुए 2022 में उपनिरीक्षक भर्ती परीक्षा दी, लेकिन दो अंकों से चयन से चूक गए। उन्होंने हार न मानते हुए बेटे शेखर के साथ 2023 में आरक्षी परीक्षा दी और दोनों ने सफलता हासिल की।

यशपाल सिंह को शाहजहांपुर और शेखर को बरेली में ट्रेनिंग मिली है। दोनों को 17 से 22 जून के बीच रिपोर्ट करना है। पिता ने बताया कि गांव के करीब 50 युवाओं ने परीक्षा के लिए आवेदन किया था, लेकिन सफलता सिर्फ उन्हें और उनके बेटे को मिली। उन्होंने और शेखर ने साथ बैठकर पढ़ाई की और ऑनलाइन कक्षाएं लीं।

यशपाल सिंह ने युवाओं को संदेश दिया कि उम्र कभी बाधा नहीं बनती, बस मेहनत और जज्बे की जरूरत है। अगर एक अधेड़ उम्र का व्यक्ति सफल हो सकता है, तो युवा क्यों नहीं। उन्होंने कहा, “अगर कभी असफलता मिले, तो सीख लेकर दोबारा पूरी ताकत से प्रयास करें।”

newsvoxindia
Author: newsvoxindia

Leave a Comment