बरेली। फतेहगंज पूर्वी थाना क्षेत्र में दर्ज दुष्कर्म के मामले में फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने रविवार सुबह मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि आरोपी ने गिरफ्तारी से बचने के लिए पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके जवाब में की गई कार्रवाई में वह घायल हो गया। उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।

पुलिस के अनुसार 11 जुलाई को एक महिला ने शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया था कि उसके परिचित जुवैद उर्फ जुबैर, निवासी ग्राम मलपुर थाना भुता, उसे डॉक्टर के पास ले जाने का बहाना बनाकर सुनसान स्थान पर ले गया। महिला का आरोप है कि वहां उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया गया। विरोध करने पर आरोपी ने जान से मारने की धमकी दी और बाद में मौके से फरार हो गया।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं तथा एससी/एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।क्षेत्राधिकारी संदीप कुमार ने बताया कि आरोपी की तलाश के लिए विशेष पुलिस टीम बनाई गई थी। रविवार सुबह मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी शिवपुरी जंगल क्षेत्र में मौजूद है। पुलिस ने घेराबंदी की तो आरोपी ने कथित तौर पर पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से .315 बोर का अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, करीब 37 हजार रुपये नकद, मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई। बरामद हथियार के संबंध में आरोपी के खिलाफ शस्त्र अधिनियम के तहत अलग से मुकदमा भी दर्ज किया गया है। पुलिस ने उपचार के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया। मामले की विवेचना जारी है।



