बरेली/बहेड़ी। खाद एवं रसद विभाग में एएमओ (AMO) के पद पर तैनात वरिष्ठ मार्केटिंग इंस्पेक्टर सुबोध यादव शनिवार को बरेली से बहेड़ी स्थित मंडी कार्यालय जाते समय एक भीषण सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा बहेड़ी के जाम बाजार के सामने हुआ, जहां उनकी कार पहले एक मोटरसाइकिल से टकराई और फिर अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रक में जा घुसी। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू करते हुए घायल अधिकारी को कार से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मोटरसाइकिल से टक्कर के बाद कार का संतुलन पूरी तरह बिगड़ गया और कुछ ही दूरी पर आगे चल रहे ट्रक से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। चालक सीट पर बैठे सुबोध यादव गंभीर रूप से घायल हो गए और कार में फंस गए। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें बाहर निकालकर इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।
घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल में खाद एवं रसद विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों, सहयोगियों और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। ताज राइस मिल के मोहम्मद खालिद, राइस मिल एसोसिएशन के अध्यक्ष नईम अहमद, अलीम अहमद, हाजी अब्दुल खालिक तथा हैदरी के तंजीर अहमद सहित कई लोगों ने अस्पताल पहुंचकर घायल अधिकारी का हालचाल जाना और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए बरेली रेफर कर दिया। फिलहाल विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार जारी है। अस्पताल सूत्रों के अनुसार उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
हादसे के बाद कुछ समय के लिए जाम बाजार क्षेत्र में यातायात प्रभावित रहा।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सुचारु कराया और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हादसा तेज रफ्तार, असंतुलन या किसी अन्य कारण से हुआ।खाद एवं रसद विभाग में घटना की सूचना मिलते ही चिंता का माहौल बन गया। विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों ने सुबोध यादव के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए उनके बेहतर इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने की बात कही। हादसे के बाद उनके शुभचिंतक लगातार अस्पताल पहुंचकर स्वास्थ्य की जानकारी ले रहे हैं।


