हाफ़िज़गंज पुलिस ने मुठभेड़ में दो शातिर बदमाश दबोचे, एक घायल; अवैध हथियार और छीनी गई बाइक बरामद

Picture of newsvoxindia

newsvoxindia

FOLLOW US:

SHARE:

बरेली। थाना हाफ़िज़गंज पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। 20 जून 2025 की रात ग़ुलड़िया महीपत क्षेत्र में हुई मुठभेड़ के दौरान पुलिस ने दो वांछित बदमाशों को गिरफ्तार किया, जिनमें से एक को गोली लगने से चोट आई है। तीसरा आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। मौके से पुलिस ने अवैध हथियारों सहित छीनी गई बाइक भी बरामद की है।

गिरफ्तार आरोपियों में प्रमोद उर्फ पकोड़ी (उम्र 27 वर्ष) निवासी ग्राम सूरनपुर, थाना बिथरीचैनपुर और सन्नी कुमार पुत्र वीरपाल निवासी ग्राम सूरनपुर, थाना बिथरीचैनपुर शामिल हैं। प्रमोद को पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बाएं पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। तीसरा आरोपी प्रशांत पटेल पुत्र सतीश कुमार, ग्राम सूरनपुर मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।

12 जून को श्यामाचरण निवासी ग्राम जलासर की नातिन से बाइक और मोबाइल फोन लूटे जाने की घटना की रिपोर्ट थाना हाफिजगंज में दर्ज की गई थी। पुलिस टीम ने सूचना के आधार पर 20 जून की रात करीब 11:35 बजे घेराबंदी की, जहाँ बदमाशों ने पुलिस पर फायर किया। जवाबी कार्रवाई में प्रमोद घायल हुआ और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

मौके से एक तमंचा 315 बोर (नाल में फंसा खोखा कारतूस), एक जिंदा कारतूस 315 बोर, एक तमंचा 12 बोर, एक जिंदा कारतूस 12 बोर और लूटी गई स्प्लेंडर बाइक (UP25 DW 482) बरामद की गई है।

गिरफ्तार प्रमोद पर पहले से ही इज्जतनगर, प्रेमनगर व बारादरी थानों में कई गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। वर्तमान कार्रवाई थाना हाफिजगंज में दर्ज मुकदमा संख्या 268/2025 धारा 109 बीएनएस व 3/25/27 आर्म्स एक्ट के तहत की गई है।

पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मुकेश चंद्र मिश्र के निर्देशन में कार्य कर रही पुलिस टीम की सराहना की गई है। फरार आरोपी की जल्द गिरफ्तारी के प्रयास तेज़ कर दिए गए हैं।

 

newsvoxindia
Author: newsvoxindia

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ी गई न्यूज