बरेली। सीबीगंज थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि सात अन्य लोग घायल हो गए। सभी लोग बारात से लौट रहे थे, तभी उनकी ईको कार तेज रफ्तार के कारण अनियंत्रित होकर परसा खेड़ा रोड नंबर-4 के पास डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार, बारात धनेटा से कैंट क्षेत्र के बभिया गांव गई थी और देर रात वापसी के दौरान यह हादसा हुआ। हादसे में फतेहगंज पश्चिमी थाना क्षेत्र के मीरापुर गांव निवासी 23 वर्षीय हीरालाल साहू की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घायलों में प्रिंस प्रजापति, नितिन, संजीव, पंकज, सचिन, राहुल और वाहन चालक रवि कुमार शामिल हैं, जिनका इलाज चल रहा है। परिजनों के मुताबिक, सभी लोग शादी समारोह से लौट रहे थे, तभी रास्ते में यह दुर्घटना हो गई।
मृतक हीरालाल साहू अपने पीछे पत्नी तारा देवी और तीन छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में शोक की लहर दौड़ गई और गांव में मातम पसरा हुआ है।
इंस्पेक्टर प्रदीप चतुर्वेदी ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार सामने आ रही है, हालांकि पुलिस अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।



