खेत में मिला विवाहिता का शव, हत्या की आशंका गहराई: मायके पक्ष ने पति पर लगाए गंभीर आरोप

SHARE:

बरेली। सुभाषनगर थाना क्षेत्र में एक विवाहिता का शव खेत में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। करीब 30 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत को लेकर मायके पक्ष ने पति और ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

परिजनों के अनुसार, मृतका गीता की शादी करीब दस वर्ष पहले देवरनिया थाना क्षेत्र के शरीफनगर निवासी देवेंद्र के साथ हुई थी। मंगलवार शाम देवेंद्र ने फोन कर गीता का शव खेत में पड़े होने की जानकारी दी। सूचना मिलते ही मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे और शव देखकर स्तब्ध रह गए।

परिजनों का कहना है कि शव की स्थिति संदिग्ध थी और गला घोंटकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।

मायके पक्ष ने गीता की मौत को हत्या बताते हुए पति और उसके परिवार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि शादी के बाद से ही पति-पत्नी के बीच विवाद होते रहते थे। उन्होंने मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है।

घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है। गीता अपने पीछे चार छोटे बच्चों को छोड़ गई है। बच्चों के सिर से मां का साया उठने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच की जा रही है।

newsvoxindia
Author: newsvoxindia

Leave a Comment

error: Content is protected !!