बरेली के सुभाषनगर थाना क्षेत्र की बीडीए कॉलोनी में मंगलवार दोपहर एक महिला की घर के अंदर गला घोंटकर हत्या कर दी गई। मृतका फौजी की पत्नी बताई जा रही है। घटना के समय वह घर में अकेली थी। बच्चे स्कूल गए हुए थे, जबकि पति सेना में तैनाती के कारण उदयपुर में मौजूद है। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से इलाके में दहशत फैल गई।
मृतका की पहचान 40 वर्षीय गीता देवी के रूप में हुई है। घटना का खुलासा तब हुआ जब उनकी भांजी दोपहर में घर पहुंची। उसने कई बार दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद वह गेट खोलकर अंदर गई, जहां गीता देवी जमीन पर पड़ी मिलीं। यह देखकर उसने तुरंत अपने परिजनों को सूचना दी। परिजनों के पहुंचने पर पुलिस को खबर दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में गला घोंटकर हत्या की पुष्टि हुई है।
जांच के दौरान आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसमें एक संदिग्ध व्यक्ति घर में प्रवेश करता दिखाई दे रहा है। वह हाथ में छाता लिए हुए है और उसके पास एक बैग भी नजर आ रहा है। पुलिस उसकी पहचान करने में जुटी है।
एसपी सिटी मानुष पारिक ने बताया कि गीता देवी के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। मामले में महत्वपूर्ण साक्ष्य मिले हैं और सीसीटीवी में एक संदिग्ध व्यक्ति भी नजर आया है। परिजनों व आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।



